जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के संविधान संशोधन को लेकर आमसभा (एजीएम) 13 दिसंबर को आहूत कर दी गयी है. दोपहर 3.30 बजे से यह आमसभा बुलायी गयी है. इसका सूचना आम कर्मचारियों के लिए जारी कर दी गयी है. टाटा वर्कर्स यूनियन के महामंत्री सतीश कुमार सिंह के हस्ताक्षर से नोटिस जारी की गयी है, जिसके तहत टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के परिसर स्थित वर्क्स जेनरल ऑफिस लॉन में इसका आयोजन होगा. इस दौरान तीन एजेंडा को शामिल किया गया है. इसमें पहले दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि होगी. उसके बाद यूनियन के वित्तीय वर्ष 2024-2025 के अंकेक्षित एकाउंट को पारित कराया जायेगा. फिर कार्यकारिणी समिति (कमेटी मीटिंग) के द्वारा पारित टाटा वर्कर्स यूनियन के संविधान संशोधन को मंजूरी के लिए प्रस्ताव लाया जायेगा. अगर आमसभा में इसको मंजूरी दे दी जायेगी तो संविधान संशोधन पर मुहर लग जायेगा और फिर श्रम विभाग से इसको अधिसूचित कराया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
जारी किये गये सूचना के मुताबिक, कार्यकारिणी समिति के द्वारा पारित टाटा वर्कर्स यूनियन के संविधान संशोधन और वित्तीय वर्ष 2024-2025 के अंकेक्षित एकाउंट्स की प्रति आम सदस्यों के लिए टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय में 6 दिसंबर से 11 दिसंबर तक यूनियन के कार्य अवधि में उपलब्ध रहेगा. टाटा वर्कर्स यूनियन के आम सदस्य, जो टीएमएच, ट्यूब डिवीजन, टाउन, जेनरल ऑफिस और नान वर्क्स में कार्यरत है, वे आमसभा के दिन अपना गेट पास वर्क्स के किसी भी गेट पर दिखाकर कंपनी के अंदर प्रवेश कर सकते है. इसकी सूचना सुरक्षा विभाग को दे दी जायेगी और वह केवल उसी दिन के लिए मान्य होगी. आमसभा में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करते समय टाटा वर्कर्स यूनियन के सभी सदस्यों को गेट पास दिखाना अनिवार्य होगा. यूनियन के सूचना पट्ट पर कार्यकारिणी समिति (कमेटी मीटिंग) द्वारा संविधान संशोधन की अनुमोदित प्रति एवं वित्तीय वर्ष 2024-2025 के अंकेक्षित एकाउंट्स की प्रति लोगों को देखने के लिए मौजूद रहेगा.



