
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन का मंगलवार 8 दिसंबर को आहूत कमेटी मीटिंग को रोक दिया गया है. कोरोना के संक्रमण को रोकने के उद्देश्य से कमेटी मीटिंग को रोक दिया गया है. यह कमेटी मीटिंग मंगलवार को आहूत की गयी थी, जिसमें कई मुद्दे उठने वाले थे जबकि एक साथ 11 माह का एकाउंट भी पारित होने वाला था. 214 सदस्यों वाली टाटा वर्कर्स यूनियन का कमेटी मीटिंग माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित की गयी थी. मंगलवार को आहूत इस कमेटी मीटिंग को लेकर बकायदा कमेटी मेंबरों को भी रिलीज करनरे के लिए विभागों में पत्र जा चुका था. लेकिन सोमवार को इसकी कार्यवाही को रोक दिया गया. इसकी पुष्टि यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह ने किया और बताया कि इसको लेकर अगला कमेटी मीटिंग जब भी होगा, उसकी सारी प्रक्रिया को पूर्ण करने के बाद नयी तिथि को घोषित कर दी जायेगी. फिलहाल नयी तिथि घोषित नही की गयी है. आपको बता दें कि मंगलवार को आहूत कमेटी मीटिंग में कोरोना काल के दौरान 214 कमेटी मेंबरों के अलावा कर्मचारियों और अन्य लोगों के जुटान पर आपत्ति जताते हुए डीसी और एसडीओ से शिकायत हो गयी थी. इन शिकायतों के बाद कमेटी मीटिंग को रोक दिया गया और तय किया गया कि नये सिरे से जिला प्रशासन से अनुमति लेने के बाद ही कमेटी मीटिंग आयोजित की जायेगी. इसको लेकर नये सिरे से तैयारी की गयी है. आपको बता दें कि इस मसले को लेकर एलडी के कमेटी मेंबर सुभाष ने डीसी से मुलाकात कर इसकी शिकायत की थी कि इस तरह की मीटिंग अभी नहीं होना चाहिए क्योंकि कोरोना का संक्रमण फैलने का खतरा है. इसके बाद यूनियन के स्तर पर यह कार्रवाई की गयी है.






