
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो चुकी है. चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह और चुनाव समिति के सारे छह पदाधिकारी लगातार मेहनत कर रहे है. इस कड़ी में चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह और चुनाव समिति के सारे सदस्यों ने टाटा वर्कर्स यूनियन में ही अपने पूर्व अध्यक्ष नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनके जन्मदिन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. अभी यूनियन का सारा कार्यभार इन्हीं लोगों पर है, इस कारण इन लोगों द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि दी गयी. दूसरी ओर, शनिवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की कीमतों का भी ऐलान कर दिया गया. इसके तहत यूनियन के अध्यक्ष, डिप्टी प्रेसिडेंट और महामंत्री के पद के लिए नामांकन फार्म की कीमत 10 हजार रुपये तय की गयी है. इसके अलावा उपाध्यक्ष, सहायक सचिव और कोषाध्यक्ष के पद के लिए पांच हजार रुपये का नामांकन फार्म की कीमत तय की गयी है. एक हजार रुपये कमेटी मेंबरों के नामांकन फार्म के लिए तय किया गया है. नामांकन फार्म का पैसा रिटर्न नहीं होगा. नामांकन फार्म का पैसा सिर्फ कैश में ही लिया जायेगा. दूसरी ओर, शनिवार को यूनियन के चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह ने कंपनी प्रबंधन के साथ चुनाव को संपादित करने के लिए समय और स्थान को तय करने को लेकर अहम बैठक की. इस बैठक के दौरान यह बताया गया कि 12 हजार से अधिक मजदूर इसमें वोटिंग करेंगे, लिहाजा, हर सेक्शन और विभाग का अलग-अलग पोलिंग बूथ होगा. पोलिंग बूथ बनाने और फिर मतपेटियों को वहां से ले जाकर सीधे कंपनी के स्टीलेनियम हॉल में रखने की व्यवस्था का भी अध्ययन किया गया. इस दौरान पाया गया कि करीब 170 बूथ चुनाव को लेकर बनाये जायेंगे. इन बूथों पर दो लोगों की तैनाती होगी, जिसके तहत कुल 340 लोगों का इस्तेमाल बूथ पर ही होगा. इसके बाद मतगणना में भी लोगों को लगाया जायेगा जबकि सपोर्टिंग यूनिट भी तैयार होगा जो खाना, नाश्ता, चाय, पानी से लेकर तमाम चीजों को पहुंचायेगा. इस कारण लगभग 400 लोगों को चुनाव में ल गाया जा सकता है. खर्च का भी अध्ययन किया जा रहा है. अनुमानत: 20 लाख रुपये तक इस पर खर्च हो सकता है. वैसे इसका खर्च ऊपर या नीचे हो सकता है. इसको अब तक नहीं तय किया जा सका है.






