
जमशेदपुर : देश की सबसे बड़ी यूनियनों में से एक टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय ने राज्य सरकार पर अपनी ओर से दबाव बढ़ाया है. अरविंद पांडेय ने इसको लेकर राज्य के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री समेत अन्य स्तर पर पत्राचार किया है. अरविंद पांडेय ने कहा है कि राज्य सरकार को कोरोना वारियर्स के रुप में काम करने वाले चिकित्सकों, नर्सों, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिसवालों, सिक्यूरिटी डिपार्टमेंट के लोगों को अतिरिक्त भत्ता और सुविधा देना चाहिए ताकि उनमें नया जोश आ सके. कोरोना की लड़ाई लड़ने वाले लोगों को भी अतिरिक्त लाभ देकर उनको सम्मान देने की भी अपील की है ताकि कर्मचारी हो या चिकित्सक, सारे लोग मन लगाकर काम कर सके. इसको प्रोत्साहित करते हुए सरकार को जल्द फैसला लेना चाहिए क्योंकि अभी कोरोना वारियर्स की काफी जरूरत है और समाज हित में ऐसे कदम उठाये जाने चाहिए. श्री पांडेय ने कहा कि सिक्यूरिटी के कर्मचारी अपनी जान को जोखिम में डालकर सभी जगहों पर ड्यूटी कर रहे है. वे लोग नजदीक से थर्मल स्रक्रीनिंग जैसे काम कर रहे है, जो खतरनाक है. लेकिन वे लोग ड्यूटी कर रहे है. सीधे तौर पर नर्स ऐसे मरीजों से हर दिन रुबरु हो रहे है जबकि चिकित्सको द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है. ऐसे सारे लोगों को इसका लाभ देते हुए सबको प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ताकि नये जोश के साथ सारे लोग काम कर सके और उनके परिवार भी गौरांवित महसूस कर सके.





