
घाटशिला : कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अनुमंडल अधिकारी अमर कुमार के नेतृत्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार दास, अंचलाधिकारी रिंकू कुमार ने घाटशिला और गालूडीह थाना क्षेत्र की दुकानों का औचक निरीक्षण किया और सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने और मास्क का उपयोग करने के प्रति लोगों को जागरूक किया. पदाधिकारियों ने लोगों को चेतावनी दी कि बगैर मास्क पहने घुमते पकड़े गये तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान सभी को मास्क, सैनिटाइजर दुकानों में रखने के साथ ही प्रयोग में लाने हेतु सख्त हिदायत दी है. दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि बिना मास्क लगाए हुए किसी व्यक्ति को कोई सामान ना दे और अपनी दुकान के आगे गोल घेरा अवश्य बनाएं. कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गये सभी नियमों का पालन करें. साथ ही साथ जिन दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं थी वैसी 6 दुकानों को चिन्हित करते हुए उन्हें 72 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा गया. उक्त दुकानों को नोटिस देने के अलावा बाहरी प्रदेशों से आये प्रवासियों, जो होम क्वारंटाइन में हैं, की भी जांच-पड़ताल की गई कि वे 14 दिन तक होम क्वारंटाइन में रहते हुए नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं. पदाधिकारियों ने लोगों को सख्त निर्देश दिया कि वे सभी सरकारी नियमों का पालन करें.







