
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन द्वारा संचालित माइकल जॉन सेंटर की ओर से महिला कर्मी सदस्यों के लिए 1085 वां, दो दिवसीय बेसिक डेवलपमेंट कोर्स का समापन हुआ. कार्यक्रम का संचालन सेंटर के निदेशक जयदेव उपाध्याय द्वारा किया गया. गौरतलब हो कि वर्ष 1985 से शुरू, माइकल जॉन सेंटर के इस कोर्स में अब तक लगभग 28,000 से कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है. इस कोर्स में मुख्यतः बहुत सारे आधारभूत जानकारियां जैसे यूनियन का इतिहास, इसकी उपलब्धियां एवं संघर्ष की कहानी, टाटा स्टील के 100 वर्ष पुराने गौरवशाली इतिहास, राष्ट्र निर्माण में कंपनी के योगदान, कंपनी की संस्कृति एवं मूल्य का परिचय, कर्मियों के कार्य क्षेत्र के गुणवत्ता में सुधार, डिजिटलाइजेशन, स्वास्थ्य आदि के बारे में विस्तृत तौर पर जानकारी दी जाती है. कंपनी में काम करने की संस्कृति एवं कार्यप्रणाली को जानने के लिए रोल प्ले विधि का सहारा लिया जाता है. इस कोर्स के समापन में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी उर्फ टून्नू ने प्रशिक्षुओं को संबोधित किया. इसके अलावा उनके विभिन्न सवालों एवं जिज्ञासाओं का जवाब दिया. कार्यक्रम में यूनियन के महामंत्री सतीश कुमार सिंह ने अपनी बातों को रखा और धन्यवाद ज्ञापन डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह द्वारा दिया गया. कार्यक्रम में सहायक सचिव सरोज कुमार सिंह भी मौजूद थे.




