जमशेदपुर : टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के चार जवान कोलकाता स्थित महाप्रबंधक कार्यालय, गार्डन रीच में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे. इस अवसर पर ध्वजारोहण, परेड मार्च सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम से दो महिला जवान सरस्वती मुर्मू और तेजीता, तथा दो युवा जवान अनुराग कुमार और आलोक कुमार का चयन स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने के लिए किया गया है. चयनित चारों जवान गार्डन रीच, कोलकाता में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों के साथ परेड का अभ्यास करेंगे तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य ध्वजारोहण एवं परेड कार्यक्रम में अपनी सेवाएं और योगदान देंगे. (नीचे भी पढ़ें)

टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के जवानों का इस राष्ट्रीय समारोह के लिए चयन होना पूरे दल के लिए गौरव की बात है. यह चयन उनके अनुशासन, प्रशिक्षण, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है. स्वतंत्रता दिवस के इस गौरवपूर्ण अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के जवान राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सेवा भावना का संदेश देंगे.




