
चाकुलिया : झाड़ग्राम-धनबाद मेमू लोकल को एक्सप्रेस ट्रेन बनाकर नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा उक्त ट्रेन की टिकट में मूल्य वृद्धि की गई है. इसके खिलाफ ग्रामीणों ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के गिधनी रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही रेलवे ट्रैक जाम कर दिया है. ग्रामीणों द्वारा चक्का जाम करने से घंटो खड़गपुर-टाटा के बीच ट्रेनों का परिचालन घंटो बाधित रही. गिधनी स्टेशन पर पहुंचे ग्रामीणों की भीड़ देखकर रेलवे प्रशासन द्वारा आंदोलनकारियों को ट्रेक से हटाकर स्टेशन पर लाया गया. मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने इस रूट पर अन्य बंद हुई ट्रेनों की परिचालन करने की मांग की है. गिधनी स्टेशन पर ग्रामीणों द्वारा रेल चक्का जाम करने के कारण इस्पात एक्सप्रेस ट्रेन खड़गपुर स्टेशन पर रुकी रही. वही टाटानगर-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस सुबह चाकुलिया स्टेशन पहुंच कर रुकी रही. सुबह 9 बजकर 32 मिनट पर चाकुलिया स्टेशन से स्टील एक्सप्रेस ट्रेन रवाना हुई. ट्रेन परिचालन बाधित होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.




