जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर करीब पांच दिन पहले हुए हादसे में घायल झाड़ग्राम, पश्चिम बंगाल निवासी 23 वर्षीय सागुन हेम्ब्रम की शनिवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई. सागुन अमय नगर गांव का रहने वाला था और गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम करता था.जानकारी के अनुसार सागुन 9 अगस्त को घर से निकला था. इसके अगले दिन यानी 10 अगस्त सोमवार की सुबह वह टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचा और खड़ी टाटा-दानापुर ट्रेन की छत पर चढ़ गया. इसी दौरान वह हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सागुन अचानक ट्रेन की छत पर चढ़ने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह ट्रेन के ऊपर पहुंच गया. (नीचे भी पढ़े)
बताया जा रहा है कि सागुन लोगों से कह रहा था कि वह ट्रेन की छत के रास्ते एक छोर से दूसरे छोर तक जाएगा. इसी दौरान वह ट्रेन के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया. करंट का जोरदार झटका लगने के बाद वह ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा. घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई.रेलवे पुलिस और अन्य लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल सागुन को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. करीब पांच दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन शनिवार शाम उसकी मौत हो गई.पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है.घटना के बाद सागुन के परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिवार के लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से सागुन का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था.




