जमशेदपुर : टाटानगर आरपीएफ ने जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में रेलवे के टिकट की कालाबाजारी करने के मामले का भंडाफोड़ किया है. आरपीएफ ने शास्त्रीनगर में जेएनबी इंटरप्राइजेज में छापामारी की. जेएनबी इंटरप्राइजेज के संचालक विजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार करने के बाद आरपीएफ ने विजय प्रताप सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि जेएनबी इंटरप्राइजेज में छापामारी के दौरान रेलवे के दो लाइव टिकट, 6 जनरल टिकट, 19 इस्तेमाल किए गए रेलवे ई टिकट और 55 इस्तेमाल किए गए जनरल टिकट बरामद किए गए हैं. इन टिकटों का मूल्य 88 हजार 500 रुपए है. इसके अलावा आरपीएफ ने तीन मोबाइल और कंप्यूटर भी बरामद किया हैं. आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी टिकटों की बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की पांच पर्सनल आईडी का इस्तेमाल करता था. वह अब तक 70 से अधिक पर्सनल आईडी का इस्तेमाल कर चुका है. इसकी भी जांच चल रही है.















