जमशेदपुर : टाटानगर के आरपीएफ व चक्रधरपुर मंडल की एंटी टाउटिंग टीम के जवानों ने बुधवार को जमशेदपुर के कदमा स्थित मां तारिणी ट्रैवल्स में छापेमारी कर 11 ई-टिकट बरामद किया है. यहां गलत तरीके से टिकट बनवाया जा रहा था. वहीं, ट्रैवल्स एजेंसी संचालक उमाशंकर साहू को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया. बरामद ई-टिकट साढ़े 50 हजार रुपये मूल्य की है. इसमें इस्तेमाल किया गया लाइव ई-टिकट, जनरल ई-टिकट एवं तत्काल ई टिकट शामिल है. आरपीएफ गिरफ्तार उमाशंकर साहू से पूछताछ कर रही है. दूसरी ओर ट्रैवल्स एजेंसी से जब्त मॉनीटर, सीपीयू और मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराने की तैयारी में है. बताया जाता है कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गयी. आरपीएफ और चक्रधरपुर मंडल की एंटी टाउटिंग टीम के जवानों को यह सूचना मिली थी कि गलत तरीके से यहां टिकट बनाया जाता है. इसको लेकर पहले आसूचनाओं को इकट्ठा किया गया, जिसके बाद आरपीएफ की टीम ने छापामारी की, जिसके बाद इन लोगों को गिरफ्तार किया गया.







