पुलिस की सुरक्षा भी बढ़ायी गयी है, कई स्थानों पर सतर्कता बरतने के आदेश दिये गये है

जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित आइ-लेक्स मल्टीप्लेक्स (सिनेमा हॉल) में द कश्मीर फाइल्स फिल्म प्रदर्शित हो रही है. इस फिल्म के प्रदर्शन को लेकर काफी सतर्कता तो बरती गयी है, लेकिन यहां पोस्टर नहीं लगाये गये है. इसको लेकर हिंदूवादी संगठनों के लोग जमशेदपुर के मानगो एनएच 33 स्थित आइलेक्स में जाकर हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोगों ने हंगामा किया. लोगों का कहना था कि जब सारे फिल्मों का पोस्टर लगता है तो इस फिल्म का पोस्टर क्यों नहीं लगाया गया है. बताया जाता है कि एक खास वर्ग के लोग कश्मीर फाइल्स के खिलाफ हंगामा कर रहे है, पोस्टर लगाने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, ऐसा सोचकर इन लोगों ने सिनेमा हॉल पर पोस्टर नहीं लगाया है. लेकिन हिंदूवादी संगठनों ने पोस्टर लगाने का दबाव दिया. सिनेमाघर प्रबंधन ने जब कहा कि वे लोग पोस्टर जल्द लगा देंगे, जिसके बाद सारे लोग वापस चले गये. (नीचे देखे वीडियो और पूरी खबर)
दूसरी ओर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से द कश्मीर फाइल्स फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि 90 के दशक में कश्मीर में हिंदुओं के साथ बर्बरतापूर्ण घटनाएं हुई. पाकिस्तानी आतंकवादियों ने कुछ दलों की तुष्टिकरण की राजनीति के बल पर कश्मीर में हिंदुओं का नरसंहार किया. हमारी माताओं-बहनों के साथ जानवरों से भी बदतर व्यवहार किया गया. लेकिन दुर्भाग्यवश वोट बैंक की राजनीति ने सालों तक यह सच्चाई देश से छिपाई. उस समय की घटना को दर्शाते हुए अब द कश्मीरी फाइल्स के नाम से एक फिल्म बनी है. देशहित में कई राज्यों ने इसे टैक्स फ्री किया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह है कि इस फिल्म को टैक्स फ्री करें ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग यह सच्चाई जान सके. जब तक लोग इतिहास जानेंगे, तब तक अपने भविष्य के बारे में लोग सही फैसला ले सकें.







