आगरा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों मृतक कार की पिछली सीट पर बैठे थे और हादसे के दौरान उछलकर एक्सप्रेसवे से नीचे खाई में जा गिरे. हादसा डौकी थाना क्षेत्र में बाजिदपुर के पास सुबह करीब सात बजे हुआ. कार सवार सभी लोग नई दिल्ली से बलिया जा रहे थे.(नीचे भी पढ़े)
बताया जा रहा है कि कार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी. इसी दौरान अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह कई पलटी खाते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया. तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. पुलिस हादसे की परिस्थितियों और तेज रफ्तार के कारणों की जांच कर रही है. मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क की कार्रवाई भी की जा रही है.







