- शहीद गणेश हांसदा की जीवनी व कॉमिक्स का होगा प्रकाशन, शहीद गणेश हांसदा की स्मृति में कोसाफलिया गांव में बनेगा पुस्तकालय व शहीद उद्यान

बहरागोड़ा / जमशेदपुर : देश के लिए शहादत देने वाले वीर सपूत समूचे देश की धरोहर होते है। उनसे जनसमुदाय को हमेशा राष्ट्रप्रेम एवं देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा मिलती है। वे समूचे समाज के आदर्श होते हैं। वे देश के भावी निर्माता बच्चों व युवाओं के लिए मार्गदर्शक का काम कर सकते हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले के सुदूर प्रखण्ड बहरागोड़ा स्थित कोसाफलिया गांव के वीर शहीद गणेश हांसदा के अमर व्यक्तित्व को युवाओं के बीच प्रेरणास्त्रोत बनाने के उद्देश्य से ‘वीर शहीद गणेश हांसदा फेलोशिप’ की शुरुआत की जा रही है। फेलोशिप के माध्यम से हर वर्ष 10वीं उत्तीर्ण होने वाले 5 जरूरतमन्द ग्रामीण बच्चों का चयन किया जाएगा। चयनित बच्चों को फ़ेलोशिप के माध्यम से 11वीं से लेकर स्नातक की पढ़ाई मे मदद की जाएगी। सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन की पहल पर कोसाफलिया स्थित वीर शहीद के आवास पर उनके परिवार वाले, ग्राम प्रधान, मुखिया, ग्रामीणों व संस्था के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक के दौरान निश्चय के संस्थापक सचिव तरुण कुमार, बैद्यनाथ हांसदा, फागु राम हांसदा ने वीर शहीद गणेश हांसदा की याद में फेलोशिप व अन्य सुझावों को हिन्दी, संथाली व बांग्ला भाषाओं में बारी-बारी से माता कपरा हांसदा, पिता सुगदा हांसदा, भाई दिनेश हांसदा एवं परिवारवालों के समक्ष विस्तार से रखा। चर्चा के दौरान उन्होंने सभी सुझावों पर प्रसंशा जाहिर करते हुए सर्वसम्मति से शुरू करने का निर्णय लिया।

शहीद गणेश हांसदा के भाई दिनेश हांसदा ने कहा कि गणेश ने देश के लिए जो किया, उस पर हम सभी बेहद गर्व महसूस करते हैं, अब उनके पवित्र कार्य फेलोशिप के माध्यम से युवाओं को लगातार आगे बढ़ने का माध्यम बनेंगे, यह बहुत ही बेहतर होगा। गणेश की याद में ऐसा भी कुछ किया जा सकता है, हमने कभी सोचा नहीं था। परिवारवालों व ग्रामीणों ने संस्था के प्रयासों की तहेदिल से प्रसंशा की। ‘वीर शहीद गणेश हांसदा फेलोशिप’ के माध्यम से हर वर्ष पांच ग्रामीण प्रतिभाशाली व जरूरतमन्द छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। फेलोशिप के शुरुआती वर्ष में चिंगड़ा पंचायत, बहरागोड़ा के 10वीं पास करने वाले पांच छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा, उन्हें 11वीं से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई करने मे मदद की जाएगी। फेलोशिप योजना के सफल क्रियान्यावन के लिए जल्द ही फेलोशिप कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी में शहीद गणेश हांसदा के परिवार वाले, संस्था के प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनधि, युवा, शिक्षाविद, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता व अन्य शामिल हो सकते है। कमेटी के निर्णयों, सुझावों व प्रयासो से समाज से मदद जुटाकर बच्चों की पढ़ाई में मदद की जाएगी। फेलोशिप के माध्यम से चयनित बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार मार्गदर्शन किया जाएगा।
बैठक के दौरान शहीद गणेश हांसदा के जीवन से जुड़े तथ्यों के दस्तावेजीकरण व उस पर आधारित जीवनी व कॉमिक्स के निर्माण, गांव के विकास में युवाओं की सक्रियता बढ़ाने हेतु गांव में एक सक्रिय पुस्तकालय की स्थापना एवं वीर शहीद के स्मारक के रूप में ‘वीर शहीद गणेश हांसदा उद्यान’ के निर्माण की दिशा में ग्रामसभा के कार्य करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में शहीद के माता-पिता कपरा हांसदा, सुगदा हांसदा, भाई दिनेश हांसदा व परिवारवालों के साथ ग्राम प्रधान मांझी राम सोरेन, मुखिया मंजू रानी मांडी, मुखिया प्रतिनिधि मतला मांडी, शिक्षक फागु हांसदा, निश्चय के तरुण कुमार, बैद्यनाथ हांसदा, सूरज चक्रवर्ती, फागु राम हांसदा व अन्य उपस्थित थे।







