
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के खरसांवा थानान्तर्गत कुम्हारसाई के पास एक राशन दुकान में गुप्त सूचना के आधार पर की गयी कार्रवाई में पुलिस ने गांजा कारोबारी बादल कुमार पाणिग्रही को गिरफ्तार किया है. वहीं दो बड़े पालीथीन में डेढ़ किलो गांजा तथा छोटा पालीथीन में 67 पुड़िया करीबन 50 ग्राम गांजा बरामद हुआ है. वहीं इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ राकेश रंजन ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का लगातार अभियान जारी है. इसी क्रम में आज सुबह गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने एक राशन दुकान से गांजा बरामद किया है. साथ ही गांजा बेचने वाले को भी गिरफ्तार किया गया है. इस संबंध में एसडीपीओ राकेश रंजन ने सरायकेला थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि छापामारी के दौरान एक प्लास्टिक बोरा में दो अलग-अलग पॉलिथीन में करीब डेढ़ किलो गांजा तथा एक छोटे पॉलिथीन में छोटे-छोटे 67 पैकेट में गांजा बरामद किया गया है. जो लगभग 50 ग्राम के आसपास है. उन्होंने बताया कि खरसावां कुम्हार साई में राशन दुकान के आड़ में गांजे का कारोबार करने के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी. इसी सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा टीम गठित कर वहां छापामारी की गई. छापामारी के दौरान दुकानदार बादल पानीग्राही को गांजे के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में खरसावां थाना में 52/2020 के तहत धारा 20 बी (iii) (बी)/22 एनडीपीसी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी को सरायकेला जेल भेज दिया गया है. जानकारी हो कि कुछ दिन पूर्व खरसावां थाना अंतर्गत पदमपुर में छापामारी कर भारी मात्रा में अफीम डोडा, गांजा एवं शराब बरामद किया गया था. प्रेस कॉन्फ्रेंस के समय सरायकेला इंस्पेक्टर पास्कल टोप्पो व सरायकेला थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे उपस्थित रहे.
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारीः-
प्रखंड विकास पदाधिकारी खरसावां मुकेश मछुआ, थाना प्रभारी खरसावां सनोज कुमार चौधरी, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक अनूप रंजन बाखला, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक श्वेता कुजुर, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक करुणा कुमारी एवं खरसावां थाना तथा रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल रहे.






