कोलकाता/ चेन्नई : पश्चिम बंगाल व तमिलनाडु में बंपर वोटिंग हुआ है. 6 बजे तक पश्चिम बंगाल में 90 फीसदी व तमिलनाडु में 82 फीसदी मतदान होने का समाचार है. यह आंकड़े आयोग की ओर जारी की गयी है. इससे पहले दोपहर 3 बजे तक बंगाल में 78.77 प्रतिशत मतदान हुए थे. मेदिनीपुर पश्चिम में 81.07 प्रतिशत मतदान हो चुका है. वहीं मेदिनीपुर पूर्व में 79.94 और दिनाजपुर उत्तर में 77.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. दक्षिण दिनाजपुर में 81.49, बीरभूम में 80.22 और झारग्राम में 81.04 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सबसे कम मतदान कलिंगपोंग में हुआ. वहां केवल 74.04 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला है. पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में गुरुवार को विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के दौरान हिंसा और उम्मीदवारों पर हमले की छिटपुट घटनाएं हुईं. (नीचे भी पढ़े)
अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने मुर्शिदाबाद और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में हुई घटनाओं के संबंध में जिला अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद विचलित करने वाली घटना सामने आई है. यहां के भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि शुभेंदु सरकार को सूचना मिली थी कि एक विशेष बूथ पर बूथ जैमिंग की जा रही है. जब वे अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे, तो उन पर लाठियों और घूंसों से हमला किया गया. पूर्व मेदिनीपुर जिले के पोटाशपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां भीषण गर्मी के बीच वोट देने पहुंचे 58 वर्षीय मतदाता नीपेंद्रनाथ दास की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, बामनबाड़ी बूथ संख्या 234 पर लंबी कतार में खड़े रहने के दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा. चुनाव आयोग ने पिंगला के बूथ नंबर 9 के सभी मतदान कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. पीठासीन अधिकारी समेत सभी मतदान कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है.(नीचे भी पढ़े)
इधर तमिलनाडु में इस साल अप्रैल में कई जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य दो-चार डिग्री सेल्सियस अधिक होने के बावजूद गुरुवार को विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंचे. राज्य में सुबह मतदान केंद्रों पर अच्छी खासी भीड़ देखी गई. अधिकारियों के मुताबिक सुबह के 11 बजे तक लगभग 38 प्रतिशत लोग वोट डाल चुके थे, जो अगले चार घंटे में बढ़कर 70 फीसदी तक पहुंच गया. निर्वाचन आयोग ने बताया कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दोपहर तीन बजे तक 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीट पर मतदान जारी है. सेलम जिले में सबसे अधिक वोटिंग 75.79 प्रतिशत मतदान हुआ. चेन्नई में 68.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि मदुरै में 67.15 प्रतिशत, कोयंबटूर में 71.16 प्रतिशत और तिरुचिरापल्ली जिले में 71.05 प्रतिशत मतदान हुआ.चेन्नई के कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में दोपहर तीन बजे तक 70.24 प्रतिशत मतदान हुआ. इस सीट से मुख्यमंत्री एमके स्टालिन चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं, चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी में 67.68 प्रतिशत मतदान हुआ, जहां से उपमुख्यमंत्री और स्टालिन के बेटे उदयनिधि दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं. सेलम में एडप्पाडी निर्वाचन क्षेत्र में 75.84 प्रतिशत मतदान हुआ. (नीचे भी पढ़े)
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी अपने इसी पारंपरिक क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें द्रविड़ मुनेत्र कषगम से चुनौती मिल रही है.तमिलनाडु चुनाव में नेताओं के साथ-साथ फिल्म और संगीत जगत की हस्तियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जिसके बाद कई प्रमुख नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, टीवीके प्रमुख विजय और एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने चेन्नई में मतदान किया. वहीं, अन्नाद्रमुक प्रमुख एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने सेलम में वोट डाला. एमडीएमके के संस्थापक वाइको और उनके बेटे दुरई वाइको ने तेनकासी जिले के कलिंगपट्टी में मतदान किया, जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने शिवगंगा जिले में अपने मताधिकार का उपयोग किया. द्रमुक सांसद कनिमोई, पीएमके नेता अंबुमणि रामदास और डीएमडीके महासचिव प्रेमलता विजयकांत भी उन नेताओं में शामिल रहे, जिन्होंने मतदान शुरू होने के तुरंत बाद वोट डाला.











