चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला के मनोहरपुर थानांतर्गत काशीजोड़ा गांव निवासी गणेश लकड़ा से विगत 3 दिसंबर को 12 हजार रुपये की ठगी करने के आरोपी नीरज सहनी, सत्येंद्र सहनी एवं मुरारी महतो नामक तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस ने गिरफ्तार तीनों लोगों के पास से ठगे गये 12000 रुपयों के साथ ही चार एटीएम कार्ड, तीन एंड्रायड फोन भी बरामद किये हैं. इसके साथ ही पुलिस ने रूमाल में लपेट कर रखे 500 रुपये के नोटों के आकार के कागज को भी जब्त कर लिया है, जिसे आरोपियों ने वादी को उससे लिये पैसों के बदले में दिया था. गिरफ्तार तीनों आरोपी पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थानांतर्गत चांद परसा गांव के निवासी बताये गये हैं. वादी एवं उसके साथ आये अन्य लोग तीनों को पकड़ कर थाना लाये थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार वादी गणेश लकड़ा ने बताया कि वह मनोहरपुर स्थित केनरा बैंक की शाखा में 12,000 रुपये जमा कराने गया था. उसी दौरान उपर्युक्त तीनों आरोपियों ने उसे 150000 रुपये जमा कराने के बदले पैसे देने का प्रलोभन दिये. उन्होंने गणेश को रूमाल में बंधे 150000 रुपये के नोट के प्रारूप को दिखाते हुए उससे 12000 रुपये ठग लिये. इसके बाद गणेश ने मनोहरपुर थाना में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया. पुलिस विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार तीनों आरोपी इससे पूर्व भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं.



