जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल परिसर के बेसमेंट में कई दिनों से जमा गंदे पानी की समस्या आखिरकार दूर कर दी गई. अस्पताल परिसर में जलजमाव और इसके कारण बढ़ रहे मच्छरों के प्रकोप को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रबंधन सक्रिय हुआ और सोमवार को बेसमेंट की सफाई कराई गई. अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी से भी जवाब मांगा है. प्रबंधन ने एजेंसी से यह जानने को कहा है कि बेसमेंट में बार-बार पानी जमा होने की वजह क्या है और जल निकासी की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं हो पा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद निर्माण एजेंसी ने सोमवार सुबह कर्मचारियों को भेजकर बेसमेंट में जमा पानी को बाहर निकलवाया और पूरे स्थान की सफाई कराई. कई दिनों तक पानी जमा रहने से बेसमेंट के आसपास मच्छरों की संख्या बढ़ गई थी. एमजीएम अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज, उनके परिजन और स्वास्थ्यकर्मी पहुंचते हैं. ऐसे में अस्पताल परिसर में गंदा पानी जमा रहना संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों के लिहाज से गंभीर स्थिति बन सकती थी. खासकर जिले में मलेरिया के बढ़ते मामलों के बीच अस्पताल परिसर में इस तरह का जलजमाव चिंता का कारण बना हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)
सफाई के बाद फिलहाल बेसमेंट में जमा पानी की समस्या दूर हो गई है. हालांकि अस्पताल प्रबंधन अब यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि दोबारा वहां पानी जमा न हो. इसके लिए निर्माण एजेंसी से जलजमाव के वास्तविक कारण की जानकारी मांगी गई है. यदि जल निकासी व्यवस्था में तकनीकी खामी सामने आती है तो उसे दूर कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि भविष्य में अस्पताल परिसर में लंबे समय तक पानी जमा होने की स्थिति नहीं बने.




