रामगोपाल जेना/चाईबासा : जनजातीय हो भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की मांग को लेकर आदिवासी हो समाज युवा महासभा की ओर से रांची के मोरहाबादी आदिवासी बालक छात्रावास में संपर्क अभियान चलाया गया. इस दौरान छात्रों को आगामी 21अगस्त को दिल्ली में जंतर-जंतर पर प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन की जानकारी देते हुए उनसे शामिल होने का अनुरोध किया गया. इसके अलावा छात्रों को अभी चलाये जा रहे पोस्टकार्ड लेखन अभियान से जोड़ते हुए उनसे भी प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम पोस्ट कार्ड लिखाया गया. बताया गया कि धरना प्रदर्शन में पूरे देश से हो आदिवासी समुदाय के लोग हिस्सा लेंगे. आदिवासी हो समाज युवा महासभा के प्रदेश संगठन सचिव राहुल पुर्ती ने छात्रों से अपील की है कि हो समाज की संस्कृति को बचाने के लिए हम नौजवानों को आगे आना होगा. अपनी भाषा-संस्कृति से ही आदिवासियत की पहचान है.(नीचे भी पढ़ें)
आदिवासी हो समाज युवा महासभा राष्ट्रीय कमेटी के युवा साहित्यकार सह डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर दिलदार पुर्ती ने कहा कि हमेशा अपनी भाषा संस्कृति का सम्मान करें और आपनी भाषा को प्राथमिकता देते हुए उसका प्रयोग करें. उन्होंने हो भाषा को संवैधानिक मान्यता मिलने से होनेवाले फायदों की भी जानकारी दी. कार्यक्रम में मुख्य रूप से कृष्णा हेम्ब्रम, प्रकाश पाड़ेया, बलबल सिंह कुंटिया, निखिल सामड, अगस्ती मेलगांडी, शिवानी बनारा, अलिशा पुर्ती, विशाल सुंडी, अमित बानरा, सुभाष चंद्र सिंकू आदि शामिल थे.














