रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर में राष्ट्रीय आदिवासी साहित्य महोत्सव 2025 के अंतर्गत गुरुवार को “हो जनजाति का इतिहास, वर्तमान एवं समस्याएं” विषय पर एक विशेष परिचर्चा आयोजित की गयी. यह सत्र 27 मार्च को किर्ताद्स, कैंपस चेवयूर, कोझिकोड में प्रातः 10:00 से 10:45 बजे तक चला. इस संवाद में झारखंड के प्रसिद्ध आदिवासी साहित्यकार और समाजसेवी रबिन्द्र गिलुवा से शोधकर्ता बिंदु वर्मा ने कई सवाल किए. चर्चा के दौरान हो जनजाति के ऐतिहासिक संघर्ष, कोल्हान क्षेत्र की उत्पत्ति, उनकी सांस्कृतिक विरासत और स्वतंत्रता की लड़ाई पर विस्तार से बातचीत हुई.
कोल्हान का ऐतिहासिक गौरव
रबिन्द्र गिलुवा ने कोल्हान क्षेत्र की ऐतिहासिक उत्पत्ति पर चर्चा करते हुए कहा कि “कोल्हान की धरती सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है. यहां की चट्टानें और पत्थर इसकी प्राचीनता के गवाह हैं. चक्रधरपुर के नकटी गांव में स्थित एक शिलालेख इस बात की पुष्टि करता है कि यह क्षेत्र 280 करोड़ साल से अधिक पुराना है. ” (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने यह भी बताया कि हो जनजाति ने कभी भी किसी के अधीनता स्वीकार नहीं की. उन्होंने कहा कि “हो समुदाय हमेशा से स्वतंत्र रहा है. हमने गुलामी स्वीकार करने के बजाय हर लड़ाई में अपनी पहचान और सम्मान को बचाने के लिए संघर्ष किया है. अंग्रेजों के शासनकाल में भी कोल्हान ने कई बड़े विद्रोह किए, जिसने ब्रिटिश हुकूमत को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.
कोल्हान का स्वतंत्रता संग्राम: संघर्ष की तीन महत्वपूर्ण घटनाएं
सेरेंशिया घाटी का विद्रोह : रवींद्र गिलुवा ने सेरेंशिया घाटी में हुए ऐतिहासिक संघर्ष को याद करते हुए बताया कि यह हो जनजाति के साहस और बलिदान का प्रतीक है. इस विद्रोह में ब्रिटिश हुकूमत को भारी नुकसान झेलना पड़ा, जिसके चलते कोल्हान को एक अलग पहचान मिली. इसी विद्रोह के परिणामस्वरूप विल्किंसन रूल 1837 बना, जिसने पारंपरिक मुंडा-मानकी शासन व्यवस्था को औपचारिक रूप से मान्यता दी.
खरसावां गोलीकांड (1948): 1 जनवरी 1948 का दिन हो जनजाति के लिए हमेशा दर्दनाक रहेगा. हजारों निहत्थे आदिवासियों पर गोलियां बरसाई गयी, जहां 30 हजार से 40 हजार लोग शहीद हुए थे, लेकिन हमारे पूर्वजों ने झुकने के बजाय अपनी पहचान को बचाने के लिए संघर्ष जारी रखा. यह घटना हमारी आत्मनिर्णय की भावना को कुचलने का प्रयास थी, मगर हम आज भी अपने हक और अधिकार के लिए खड़े हैं.
गुआ गोलीकांड: गुआ गोलीकांड हमारी जल, जंगल और ज़मीन की लड़ाई का प्रतीक है. यह संघर्ष हमें याद दिलाता है कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हमें संगठित होकर आगे बढ़ना होगा. (नीचे भी पढ़ें)
हो समुदाय की विशेषताएं और वर्तमान चुनौतियां : रवींद्र गिलुवा ने हो समाज की विशिष्ट परंपराओं पर भी रोशनी डाली. उन्होंने बताया कि महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिया जाता है. हो समाज में दहेज प्रथा नहीं है, बल्कि दुल्हन के परिवार को वधू मूल्य दिया जाता है. समुदाय में पारंपरिक शासन व्यवस्था (मुंडा-मानकी प्रणाली) का आज भी प्रभाव है.
जब बिंदु वर्मा ने उनसे पूछा कि हो समुदाय की सबसे बड़ी वर्तमान समस्या क्या है? तो रबिन्द्र गिलुवा ने कहा कि हमारी सबसे बड़ी चुनौती हमारी भाषा और संस्कृति की रक्षा करना है. नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए हमें अपने इतिहास को बार-बार बताने और सिखाने की जरूरत है.
उन्होंने यह भी कहा कि हो भाषा को संरक्षित करना और इसे शिक्षा प्रणाली में शामिल करना बेहद जरूरी है.
सरकार और आदिवासी विकास पर उनकी राय : बिंदु वर्मा ने उनसे पूछा कि क्या सरकार हो जनजाति के विकास के लिए पर्याप्त काम कर रही है? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार ने कुछ योजनाएं तो चलाई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका सही क्रियान्वयन नहीं हो रहा है. हमें सिर्फ सरकारी योजनाओं पर निर्भर रहने के बजाय खुद एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए जागरूक होना होगा और अपनी संस्कृति व भाषा को बचाने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे. रविन्द्र गिलुवा की प्रेरणादायक अपील सत्र के अंत में रबिन्द्र गिलुवा ने आदिवासी समाज को एकजुट रहने और अपने हक के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने हमें जो पहचान दी है, उसे बचाने की जिम्मेदारी अब हमारी है. हमें अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजना होगा और अगली पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ना होगा. राष्ट्रीय आदिवासी साहित्य महोत्सव 2025 इस तरह आदिवासी संस्कृति, इतिहास और साहित्य को संरक्षित और प्रचारित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बन रहा है.














