
चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा में होली खेलने के दौरान दो समुदाय में भिड़ंत हो गयी. इस भिड़ंत में दो लोगघायल हो गए हैं. दोनों घायल अजय दास एवं प्रीतम सोनार को गुवा सेल अस्पताल भर्ती कराया गया है. इसकी सूचना तुरंत ही थाने को दी गई. थाना प्रभारी राकेश रंजन सिंह ने दल बल के साथ घटनास्थल पहुंच मामले की जांच कर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया. घटना सोमवार दोपहर 2 बजे की है. कुछ लोग होली खेलने के दौरान मीट दुकान के पीछे गाना बजाकर मस्ती कर रहे थे. इतने में दूसरे समुदाय के लोगों ने आकर होली खेलने एवं गाना बजाने के लिए मना किया. मना करने के बावजूद नहीं मानने पर दोनों समुदाय के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद मना करने वाले समुदाय के लोगों ने दो गाड़ियों में भरकर करीब 15 गुंडों को बुलाकर होली खेल रहे लोगों के पास अचानक लोहे का रॉड और डंडा से वार कर दिया, जिससे मौके पर दो युवक बुरी तरह घायल हो गये. घायल युवक किसी तरह बचते बचाते हुए थाना पहुंच मामले की जानकारी दी और थाना प्रभारी राकेश रंजन सिंह ने दोनों घायल युवकों को गुवा सेल अस्पताल में भर्ती कराया. इस घटना की जानकारी विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं आरएसएस के लोगों को मिलते ही मारपीट करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर गुवा बड़ाजामदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया. गुवा प्रशासन द्वारा काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम को हटाया गया. यह सड़क जाम लगभग 1 घंटे तक रही. उसके बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल तथा आरएसएस लोगों ने बैठक कर निर्णय लिया कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता मंगलवार को गुवा बाजार पूरी तरह से बंद रखा जाएगा. रात 11बजे गुवा प्रशासन के द्वारा तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. तीनों आरोपियों को चाईबासा जेल भेज दिया गया. इस घटना की जानकारी किरीबुरू एसडीपीओ डॉ हीरालाल रवि को मिलते ही मंगलवार सुबह गुवा थाना पहुंच मामले की छानबीन की और कहा कि दोषियों को जेल भेजा जाएगा. साथ ही विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल तथा आरएसएस के लोगों ने सेल प्रबंधन एवं प्रशासन से मांग की है कि गुवा बाजार में मारपीट करने वाले आरोपियों की एक ही परिवार के 11 दुकानें कैसे आवंटित कर दी गई है. उसे तुरंत ही निरस्त किया जाए. इस दौरान किरीबुरू एसडीपीओ डॉ हीरालाल रवि ने कहा कि आरोपी जिन दो गाड़ियों में भरकर गुंडों को बुलाया गया था उन गाड़ियों को तुरंत ही सीज कर उनका एनओसी को रद्द किया जाएगा. इस घटना को लेकर गुवा का माहौल काफी गर्म है.

गुवा में अमन चैन को लेकर दोनों समुदाय के बीच शांति समिति की बैठक
सोमवार होली खेलने को लेकर गुवा बाजार में हुई दो समुदायों के बीच भिड़ंत को लेकर गुवा में काफी अशांति का माहौल है. इसी को देखते हुए किरीबुरू एसडीपीओ डॉ हीरालाल रवि ने दोनों समुदाय के लोगों का एक शांति समिति की बैठक थाने में की गई. शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीपीओ डॉ हीरालाल रवि ने कहा कि गुवा में यह पहली घटना है. ऐसी छोटी-मोटी घटनाओं को लेकर तिल का ताड़ ना बनाएं. इस घटना में असामाजिक तत्वों द्वारा किया जाता है. वैसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उसके ऊपर भी केस दर्ज किया जाएगा. कोई भी किसी तरह की घटना होती है तो तुरंत ही पुलिस को सूचित करें अपने हाथ में कानून ना लें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें किसी तरह का आशांति ना फैलाएं, कोई अफवाह में ध्यान ना दें. सभी संयम से काम लें और घटना की जानकारी तुरंत ही अपने स्थानीय पुलिस प्रशासन को दे. ऐसे मामलों पर पुलिस छानबीन कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करेगी. गुवा बाजार बंद कराने वाले कल्याण नगर निवासी उदित साहू पर धारा 107 का केस किया गया. इस बैठक में मुख्य रूप से दोनों समुदायों के नोवामुंडी भाग 1 के जिला परिषद सदस्य शंभू हाजरा पासवान, गोविंद पाठक, राकेश झा, मोहम्मद तबारक, मोहम्मद मुबारक, सैयद राजू, नाजिर खान, वृंदा गोप, विनय प्रसाद गुप्ता, जैकी प्रसाद गुप्ता, विनय दास सहित अन्य मौजूद थे.












