
चाईबासा : जेटेया थाना अंतर्गत सिलदौड़ी गांव में एक 30 वर्षीय महिला जोंगो कुई की नाग सांप के डंसने से मौत हो गई. जानकारी के अनुसार सिलदौड़ी गांव में बुधवार को दिन में करीब 3:30 बजे जोगों कुई अपने घर से पानी लाने के लिए निकली थी. पानी लेकर घर वापस लौटने के क्रम में एक सांप ने महिला के दाएं पैर में काट लिया. इसके बाद उसके ससुराल वाले इलाज कराने के लिए शाम करीब चार बजे नोवामुड़ी टाटा स्टील अस्पताल ले गये. अस्पताल में इलाज करने के दौरान महिला की स्थिति खराब होने के कारण चिकित्सकों ने परिजनों को दूसरी जगह ले जाने की सलाह दी. रात करीब 9:30 बजे उक्त महिला को जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थय केंद्र इलाज के लिए लाया गया, तो सीएचसी प्रभारी डॉ दीपक कुमार ने प्राथमिक उपचार करने के दौरान ही महिला को मृत घोषित कर दिया. मृतका के घर वालों के द्वारा बताया गया कि घर के बगल में लगे नल से पानी लाने के लिए गई हुई थी. पानी लेकर वापस लौटने के क्रम में नाग सांप ने पैर में डंस लिया. मृतका का मायका बड़ानंदा बताया जाता है.







