
Chaibasa : कांग्रेस भवन चाईबासा में शुक्रवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने जन समस्याओं को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया. बैठक में अनियमित विद्युतापूर्ति, शहरी एवं ग्रामीण जलापूर्ति योजना एवं राष्ट्रीय राजमार्ग उच्च पथ की जर्जर स्थिति आदि पर चर्चा की गई. दूरभाष के माध्यम से श्री कोड़ा ने एनएच के कार्यपालक अभियंता राम विलास साहू से चाईबासा बड़ी बाजार-सुफलसाई से लेकर हाटगम्हरिया तक की एनएच 75 सड़क की मरम्मत एवं चाईबासा- जमशेदपुर सड़क के बीच राजनगर में क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत के संबंध में शीघ्र कार्य शुरू करवाने को कहा. साथ ही श्री कोड़ा ने कहा कि अगर उक्त सड़क पर शीघ्र कार्य नहीं शुरू किया गया तो कांग्रेस पार्टी की ओर से मजबूरन जनहित में सड़क पर उतरकर चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जायेगा.. ज्ञातव्य हो कि पूरे कोल्हान में राष्ट्रीय राज्य मार्ग की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है. इस संबंध में सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा करीब एक वर्ष पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग एवं जहाजरानी विभाग के केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी से मिलकर क्षेत्र की समस्याओं और एनएच की जर्जर हालत से अवगत करा चुकी हैं. साथ ही शीघ्र सड़क निर्माण की मांग कर चुकी हैं.
इसी तरह चाईबासा शहरी जलापूर्ति योजना को लगातार लटकाए रखने से लोगों को पेयजल के लिए हो रही परेशानी को देखते हुए, विधानसभा सत्र में कांग्रेस के विधायक सोनाराम सिंकू द्वारा शहरी जलापूर्ति योजना एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के संबंध में विधानसभा में आवाज उठाई जायेगी. शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनियमित बिजली आपूर्ति, जले ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने, ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने एवं बाकी बचे गांवों में शीघ्र विद्युतीकरण कराने के संबंध में चर्चा की गई. बैठक में कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई, सांसद प्रतिनिधि त्रिशानु राय, जितेन्द्र नाथ ओझा, कृष्ण सोय, विकास वर्मा, शंकर बिरुली, सेवादल मुख्य संगठक लक्ष्मण हांसदा, बबलू कुमार रजक, निराकर बिरुवा, मो सलीम, सुरेश सावैयां, चन्द्र भूषण बिरुवा, राजेन्द्र कच्छप, प्रकाश पुरती, राम सिंह सावैयां, बिरसा कुंटिया, बिक्रम बिरुली, सिकंदर सुम्बरुई, सुशील कुमार दास, प्रेम पुरती, पीटर बारी, बसंत गोप, नारायण निषाद, राजू कारवा, धनीराम बारी, दामू तियु समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.







