रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा के साथ आज जगन्नाथपुर प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण कर वहां संचालित विभिन्न योजनाओं का भौतिक निरीक्षण किया. उपायुक्त ने इस क्रम में जगन्नाथपुर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं उसके अंतर्गत आनेवाली 16 पंचायतों के कर्मियों के साथ बैठक कर मनरेगा, आवास योजना आदि से संबंधित कार्यों की प्रगति का बिंदुवार जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मनरेगा के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना, बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के अंतर्गत कूप निर्माण, प्रति ग्राम पांच योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की पंचायतवार समीक्षा की. डीसी ने आवास योजना के तहत अबुआ आवास योजना 2023-24 एवं 2024-25 की प्रथम एवं द्वितीय किस्त के भुगतान के उपरांत आवास निर्माण की स्थिति और पूर्ण आवास की स्थिति व आवासों की जिओ टैगिंग से संबंधित प्रतिवेदन की भी क्रमवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में मनरेगा के तहत पर्याप्त संख्या में योजनाएं नहीं लेने एवं पोटो हो खेल मैदान के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारण कसीरा पंचायत के रोजगार सेवक बरय पुर्ती को शोकॉज करने का निर्देश दिया. साथ ही, उन्होंने सभी पंचायतों में वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना के लिए 3 दिनों के अंदर स्थल चयन कर योजना आरम्भ कराने का निर्देश दिया. अबुआ आवास योजना 2023-24 के तहत विगत 1 वर्ष में एक भी आवास पूरा नहीं होने के कारण करंजिया पंचायत के पंचायत सचिव सुभाष चंद्र गोप, मोंगरा पंचायत के पंचायत सचिव राजेश कुमार एवं तोडांगहातु की पंचायत सचिव प्रियंका सोय को शोकॉज करते हुए सभी पंचायत सचिवों को एक सप्ताह के अंदर अपेक्षित प्रगति लाने का भी निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

जगन्नाथपुर प्रखंड सभागार में समीक्षा के उपरांत उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त सहित क्षेत्रीय पदाधिकारी की मौजूदगी में प्रखंड के बड़ानंदा पंचायत के ग्राम बड़ानंदा में लाभुक कुंती बोबोंगा के 1 एकड़ में बिरसा हरित ग्राम योजना एवं लाभुक मानसिंह लागुरी की जमीन पर संचालित आम बागवानी योजना का स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित लाभुकों से योजना के क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी, उद्देश्य तथा उनके फायदे आदि की जानकारी लेते हुए योजना को पूर्णतः क्रियान्वित कर उसका अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित भी किया.



