
जमशेदपुर : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य सचिव द्वारा राज्य भर के अस्पतालों में साफ-सफाई का काम करा रहे संवेदकों का अनुबंध रद्द करने का फरमान जारी कर दिया गया है. Fससे कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम एवं सदर अस्पताल के सैकड़ों सफाई कर्मियों के समक्ष बेरोजगार होने का खतरा मंडराने लगा है. इधर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने दोनों अस्पतालों में सफाई के काम में जुटे ज्यादातर कर्मियों को एससी एसटी श्रेणी का बताते हुए झारखंड सरकार पर कोरोना काल में साथ देने वाले सफाई कर्मियों को काम से हटाने का आरोप लगाते हुए तत्काल इस मामले पर पुनर्विचार करते हुए उन्हें बहाल किए जाने की मांग की. वहीं उन्होंने साफ कर दिया है कि अगर झारखंड सरकार इन सफाई कर्मियों के मामले में गंभीरता नहीं दिखाती है, तो भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा जोरदार आंदोलन को बाध्य हो जाएगा.







