रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर की गुलकेरा पंचायत अंतर्गत युवा जागृति क्लब, गुईगाम मतकमबीड़ी की ओर से आयोजित दो दिवसीय पुरुष एवं महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ. प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुखराम उरांव एवं प्रखंड झामुमो ताराकांत सिजुई मुख्य रूप से उपस्थित रहे. फाइनल मुकाबले से पूर्व विधायक सुखराम उरांव ने महिला एवं पुरुष वर्ग की दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ कराया. (नीचे भी पढ़ें)

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबला मिंटू ब्रदर्स ओटार बनाम डब्ल्यूसी गुड़ासाई के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए मिंटू ब्रदर्स ओटार की टीम ने खिताब अपने नाम किया. पुरुष वर्ग के टूर्नामेंट में विजेता मिंटू ब्रदर्स, ओटार, उपविजेता डब्ल्यूसी, गुड़ासाई, सेकेंड रनर अप बीएफए एवं थर्ड रनर अप सरजम सकाम टीम रही. वहीं महिला वर्ग के फाइनल मैच में कड़े मुकाबले के बाद एनएसएस जमशेदपुर की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब जीता, जबकि टार्गेट एफसी की टीम उपविजेता रही. इस टूर्नामेंट में विजेता एनएसएस, जमशेदपुर, उपविजेता टार्गेट एफसी रहीं. (नीचे भी पढ़ें)
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि खिलाड़ी केवल मैदान पर ही नहीं, बल्कि जीवन के हर मोड़ पर एक-दूसरे का साथ निभाते हैं. कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से ही सफलता मिलती है. उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल भावना सबसे ऊपर होनी चाहिए. उन्होंने आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए वे निरंतर प्रोत्साहन देते रहेंगे. टूर्नामेंट के अंत में पुरुष वर्ग की विजेता टीम को ₹32,000, उपविजेता टीम को ₹21,000, सेकेंड रनर अप टीम को ₹12,000 पुरस्कार स्वरूप प्रदान किये गये. इसी तरह महिला वर्ग की विजेता टीम को ₹15,000 एवं उप विजेता टीम को ₹8,000 पुरस्कार के रूप में प्रदान किये गये. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष तुरी कोड़ाह, डब्ल्यू हेम्ब्रम, समाजसेवी दयासागर केराई, मदन तांती, बीजू चौधरी, सीनू जारिका, नंदलाल जारिका, मदन बोयपाई, सोनाराम बोयपाई, सीटू जोंको, लखन जोंको, शिव बोयपाई, साधु जारिका, प्रभुदास तांती, मच्छुआ बोयपाई, मागे बोयपाई, संजय जारिका सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे. पूरे आयोजन में खेल, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला. प्रतियोगिता ने ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया.















