
चाईबासा : सारंडा वन प्रमंडल अन्तर्गत ससंगदा वन प्रक्षेत्र किरीबुरु और गुवा प्रक्षेत्र में संयुक्त गश्ती के दौरान छोटानागरा व बाईहातु के पास मुख्य मार्ग पर अवैध वन पदार्थ परिवहन करते एक बोलेरो पिकअप वैन पकड़ा गया। उक्त गश्ती दल का नेतृत्व संलग्न पदाधिकारी सह प्रशिक्षु भा.व.से. प्रजेश कांता जेना एवं गुवा वन क्षेत्र पदाधिकारी कमलेश्वर प्रसाद सिन्हा के दिशा-निर्देश पर चलाया जा रहा था। गश्ती दल के वनकर्मी सड़क पर आवागमन कर रहे वाहनों की जांच पड़ताल कर रहे थे। उसी वक्त छोटानागरा की ओर से आ रहे बोलेरो पिक-अप वैन संख्या JH05 CT 5042 को रोक कर तलाशी लिये जाने पर उक्त वाहन के डाला में बांस की बल्लियों के नीचे 16 पीस साल के पटरे और गम्हार के 03 पीस स्लीपर बरामद हुए। वनकर्मियों को चकमा देते हुए वाहन चालक और उसमें सवार दो व्यक्ति फरार हो गये। वन अधिनियम की धारा 1927 में प्रदत्त अधिकार के तहत् उक्त अवैध लकडिय़ों और पिक-अप वैन को गुवा प्रक्षेत्र कार्यालय के अहाते में लाया गया और इस संबंध में गहन जांच पडताल शुरू कर दी गई है। ज्ञात हो कि वन अपराध को नियंत्रित करने व गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग के द्वारा वन क्षेत्र में लगातार गश्ती की जा रही है। जिसके कारण लकडी माफियाओं में दहशत फैल गई है।




