रामगोपाल जेना / चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक पुलिस जवान की अपने ही सर्विस इंसास राइफल की गोली लगने से मौत हो गयी. मृतक जवान की पहचान 40 वर्षीय अजय किशोर खाखा के रूप में हुई है, जो टोंटो थाना में पदस्थापित था. बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 4 बजे, वे टोंटो थाना क्षेत्र के पालीसाई स्थित सीआरपीएफ कैंप में ड्यूटी पर तैनात था. इसी दौरान अचानक उनकी सर्विस इंसास राइफल से गोली चल गयी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें घायल अवस्था में सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) मौके पर पहुंची. शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया. (नीचे भी पढे़ं)
जगन्नाथपुर के एसडीपीओ रफाएल मुर्मू ने बताया कि घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है. जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी. अजय किशोर खाखा झारखंड के गुमला जिला के रायडीह के निवासी था. घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गयी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी.



