
संतोष वर्मा
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर प्रखंड मुख्यालय के अंतर्गत मुण्डूई पंचायत के बासुदेवपुर गांव में बीती रात तेज आंधी और बारिश ने काफी तबाही मचायी. तेज आंधी में जहां कई घरों के छप्पर उड़ गये, वही दर्जनों पेड और बिजली के खंभे भी गिर गए. साथ ही गांव के एक पोल्ट्री फॉर्म की पूरी छत भी उड़ गयी. जिनके घरों के छप्पड़ उड़े हैं उन परिवारों ने दूसरे घरों में या फिर पलंग के नीचे घुस कर किसी तरह रात गुजारी है.

ग्रामीणों के अनुसार रात आठ बजे काफी तेज आंधी-तूफान रहा, जो केवल एक से डेढ़ मिनट रहा होगा, लेकिन चंद मिनट में ही तबाही मचा कर चला गया. बासुदेवपुर गांव में सब कुछ बिखरा-बिखरा है, लोग नुकसान को देख कर काफी दुखी हैं. वहीं तेज आंधी में जोंटो गोप, सदानंद गोप, कृष्णा दास, रीतेश दास, दुर्गा पवार, रोहित पवार, अभिमन्यु गोप, दुष्यंत पवार, बबलू पवार, कोडाबली प्रधान, सुदाम प्रधान के घर की छत पूरी तरह उजड़ गयी है. कार्तिक पवार के पोल्ट्री फॉर्म की छत उड़ गयी है.

आंधी-तूफान से मची तबाही की जानकारी गांव के मुण्डा विनोद पवार द्वारा जगन्नाथपुर अंचलाधिकारी, पुलिस-प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों को दी गई है. लेकिन अभी तक कोई गांव नहीं पहुंचा है. हलांकि इस संबध में स्थानीय विधायक सोनाराम सिंकू से पूछे जाने पर बताया गया सूचना मिली है और वह स्वंय प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारियों के साथ बासुदेवपुर पहुंच कर जायजा लेगें. वहां प्रभावित परिवारों से जानकारी लेकर उनकी समस्याओं समाधान करने के साथ ही राहत समाग्री की व्यवस्था भी की जायेगी. हालांकि प्रभावित परिवारों ने जिला प्रशासन से सहयोग की गुहार लगायी है.














