रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतला मंदिर निवासी 24 वर्षीय युवक राज तांती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने घटना में शामिल 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 को रात्रि लगभग 10 बजे सूचना मिली कि शीतला मंदिर निवासी राज तांती को किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है. सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना में सनहा दर्ज कर पुलिस दल तत्काल अनुमंडल अस्पताल, चक्रधरपुर पहुंचा. चिकित्सकों ने जांच के उपरांत युवक को मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

मृतक की माता के लिखित आवेदन के आधार पर चक्रधरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामार दल का गठन किया गया. छापामार दल ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज तथा गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम गुड्डू उर्फ राहुल जायसवाल, पिता– रमेश जायसवाल, पोर्टरखोली केबिन के पास, थाना चक्रधरपुर, जिला पश्चिमी सिंहभूम बताया. (नीचे भी पढ़ें)
आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना से एक दिन पूर्व मृतक ने अपने कुछ साथियों के साथ उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल छीनकर उसके साथ मारपीट की थी. इसी बात से आक्रोशित होकर उसने बदला लेने की नीयत से धारदार चाकू से हमला कर घटना को अंजाम दिया. आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पीछे नाली से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है. इसके अतिरिक्त घटनास्थल से खून लगा कागज तथा घटना के समय आरोपी द्वारा पहना गया जींस भी जब्त किया गया है. इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा, पुलिस उपाधीक्षक (परिचालन) चक्रधरपुर, थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.




