चक्रधरपुर: मानवाधिकार कार्यकर्ता बसंत महतो द्वारा 17 जनवरी को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित रेलवे मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानों के ध्वस्तीकरण को लेकर दर्ज की गयी शिकायत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने संज्ञान लिया है. महतो ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि दुकानदारों को बिना पुनर्वास या मुआवजा दिए उनकी दुकानों को तोड़ दिया गया, जिससे उनकी आजीविका खतरे में पड़ गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
आयोग ने इस मामले को गंभीर मानते हुए रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और पश्चिमी सिंहभूम के जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे इस मामले की जांच करें और चार सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें. इसकी कॉपी झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को भी भेजी गयी है. महतो ने इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताते हुए पीड़ित दुकानदारों को न्याय दिलाने की मांग की थी. दुकानदारों का कहना है कि उन्हें कोई पूर्व सूचना या पुनर्वास की योजना नहीं दी गयी, जिससे वे अचानक आर्थिक संकट में आ गए हैं. अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के हस्तक्षेप से उम्मीद की जा रही है कि उन्हें न्याय मिलेगा.














