चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला पुलिस ने मुफस्सिल थानांतर्गत करलाजुड़ी ग्राम निवासी परमेश्वर पुर्ती से जीवन प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर 16 लाख, 92 हजार रुपये की ठगी के मामले में देवघर जिले के खागा थानांतर्गत रघुनाथपुर निवासी मो सकीर नामक साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है. उसके खिलाफ देवघर साइबर थाना में पहले से भी एक मामला दर्ज है. पश्चिम सिंहभूम जिला पुलिस अधिकारी ने शनिवार को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि विगत 13 नवंबर को नीमडीह के करलाजुड़ी निवासी परमेश्वर पुरती ने चाईबासा मुफस्सिल थाना में एक मामला दर्ज कराया था, जिसके अनुसार साइबर अपराधियों ने जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करने के नाम पर 16 लाख 92 हजार रुपये की ठगी कर लिये गए थे. (नीचे भी पढ़ें)
मुफस्सिल थाना पुलिस ने इस संबंध में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच आरंभ की. इसके तहत संबंधित जांच अधिकारियों ने टोल फ्री नंबर पर फोन कर सभी विवादित एकाउंटों को होल्ड कर पहचान शुरू की. इसके तहत गठित जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर देवघर जिले के खागा थानांतर्गत रघुनाथपुर गांव निवासी मो सकीर अंसारी (करीब 20 वर्ष) को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया. बाद में पूछताछ के दौरान गिरफ्तार मो सकीर अंसारी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकर कर ली. यही नहीं, उसने इस कांड में शामिल कतिपय अन्य साइबर अपराधियों की संलिप्तता की बात भी बताई. पुलिस फिलहाल मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है.



