रामगोपाल जेना चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों से रंगदारी मांगने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.जानकारी के अनुसार आनंदपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंदिरा-गोरियाडुबा सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों से कुछ अपराधी लेवी वसूल रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गयी. पुलिस टीम जब गोरियाडुबा के समीप पहुंची, तो पुलिस वाहन को देखते ही दो युवक जंगल की ओर भागने लगे. (नीचे भी पढ़े)

जवानों ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया. पूछताछ में उनकी पहचान संजू भगता और कृष्णा भगता के रूप में हुई.तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए.पुलिस पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे व्हाट्सएप कॉल के जरिए ठेकेदारों को धमकी देकर रंगदारी मांगते थे. उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी संजय साय को भी गिरफ्तार कर लिया गया.जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं.पुलिस के अनुसार संजू भगता पर सड़क निर्माण कंपनी के वाहनों में आगजनी करने का मामला पहले से दर्ज है. इस मामले में आनंदपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया







