रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : वीर शहीद राजा अर्जुन सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर शहर में ऐतिहासिक पहल की गई. वर्षों से ‘एसबीआइ थाना मोड़ चौक’ के नाम से पहचाने जाने वाले प्रमुख चौक का नामकरण अब ‘राजा अर्जुन सिंह चौक’ कर दिया गया है. इस निर्णय से क्षेत्र वासियों में गौरव और उत्साह का माहौल है. नामकरण समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में हुआ, जिसमें नगर परिषद के चेयरमैन सन्नी उरांव, अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉ विजय सिंह गगराई, अनुप्रिया सोय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राजा अर्जुन सिंह ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए अदम्य साहस और बलिदान की मिसाल पेश की थी. उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है. चौक का नामकरण उनके सम्मान में एक सच्ची श्रद्धांजलि है, जो आने वाली पीढ़ियों को उनके इतिहास से जोड़ने का कार्य करेगा. स्थानीय लोगों ने कहा कि सिर्फ नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि अपनी गौरवशाली विरासत को सम्मान देने का प्रयास है. शहर के हृदय स्थल पर वीर शहीद के नाम का जुड़ना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है. समारोह के अंत में उपस्थित जनों ने वीर राजा अर्जुन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.


















