रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत जोड़ो गांव में दिनदहाड़े हुई भीषण डकैती से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है. बेखौफ डकैतों ने चौपहिया वाहन से पहुंचकर गांव के राजेश प्रधान के घर को निशाना बनाया और करीब 15 लाख रुपये के जेवरात व 85 हजार रुपये नकद लूट कर फरार हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस समय यह घटना घटी, उस समय घर के बाहर बुजुर्ग बैठे हुए थे. अचानक चौपहिया वाहन से पहुंचे डकैतों ने घर में घुस कर वारदात को अंजाम दिया. घटना इतनी तेजी से घटी कि आसपास के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. (नीचे भी पढ़ें)
डकैती की सूचना मिलने पर पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है. डकैतों द्वारा इस तरह दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिये जाने से ग्रामीण क्षेत्र में भय का माहौल कायम हो गया है. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.















