स्व सीताराम जी रुंगटा की पुण्यतिथि 17 सितंबर पर विशेष
चाईबासा: रुंगटा ग्रुप ऑफ कंपनीज आज एक बड़ा एवं प्रतिष्ठित औद्योगिक ग्रुप है, विभिन्न खनिजों के खनन से जुड़ी इन कंपनियों की उद्योग जगत में अपनी अलग पहचान एवं प्रतिष्ठा है. लेकिन इन कंपनियों को जिन लोगों ने इस ऊंचाई तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान किया है, उनमें स्व सीताराम जी रुंगटा का नाम विशेष सम्मान के साथ लिया जाता है. (नीचे भी पढ़ें)

दिसंबर 1920 में जन्मे सीताराम जी रुंगटा ने प्रसिद्ध उद्यमी सह समाजसेवी स्व मांगीलाल रुंगटा के पुत्र के रूप में ही नहीं, रुंगटा ग्रुप ऑफ कंपनीज को उसके एक कर्मचारी के रूप में भी अपने खून-पसीने से सींच कर इतना आगे बढ़ाया कि इनकी कीर्ति पताका आज देश ही नहीं, विदेशों तक में फहरा रही है. यही नहीं, एक सामाजिक के रूप में भी उन्होंने समाज के उत्थान का भरपूर प्रयास किया. उनका व्यक्तित्व एक शरीर में बहुरंगी प्रतिभाओं का समाहार था. (नीचे भी पढ़ें)
सीताराम रुंगटा का जन्म दिसंबर 1920 में प्रसिद्ध उद्यमी मांगीलाल रुंगटा के पुत्र के रूप में हुआ. उनकी प्रारंभिक शिक्षा कोलकाता में हुई और वर्ष 1940 में उन्होंने कोलकाता विश्वविद्यालय से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की. इसके पश्चात उन्होंने विद्यासाहगर कॉमर्स कॉलेज कोलकाता से बीकॉम की डिग्री हासिल की. इसके पश्चात उन्होंने अपने पिता का व्यवसाय संभालने का निर्णय लिया. आयरन, मैंगनीज, क्रोमाइट, कायनाइट, ग्रेफाइट आदि के अयस्क, लाइम स्टोन, डोलोमाइट एवं चीनी मिट्टी के खनन के उद्योग से जुड़े रुंगटा ग्रुप में वे शामिल हो गए. फिर सीताराम रुंगटा इलेक्ट्रो केमिकल्स, ओड़िशा लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (एमडी) भी बने. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने अपने सारे दायित्वों को बखूबी निभाते हुए उन्होंने ग्रुप के दायित्वों का कुशलता पूर्वक निर्वहन किया. इसके अलावा वे ईस्टर्न जोन माइनिंग एसोसिएशन के प्रेसिडेंट भी रहे और संगठन के कार्यों को नई ऊंचाई प्रदान की.
बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स पटना, बिहार इंडस्ट्रियल एसोसिएशन पटना, वनस्पति माइंस ओनर्स एसोसिएशन ओड़िशा, फेडरेशन ऑफ इंडियन मिनरल्स इंडस्ट्रीज, नयी दिल्ली के अलावा सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य भी रहे औप केंद्र सरकार की ओर से वाणिज्य मंत्रालय, स्टील एंड माइंस, रेल मंत्रालय एवं श्रम मंत्रालय में भी महत्वपूर्ण पद पर कार्य किया. इसके अलावा ओड़िशा तथा बिहार की प्रादेशिक सरकार के लिए भी अहम योगदान किया. छोटानागपुर प्लानिंग एंड डेवलपमेंट बोर्ड रांची, छोटानागपुर क्षेत्रीय ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी रांची के सदस्य रहे तो सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी एवं जिला नेशनल रक्षा कमेटी के उपाध्यक्ष के पद पर भी कार्य किया. इनके अलावा भी ऐसी सैकड़ों कमेटियां रहीं, जिनके वे सदस्य रहे और बाद में इतने सामाजिक संगठनों से जुड़े होने का लाभ भी मिला. (नीचे भी पढ़ें)
श्री रुंगटा ने 1946 से लेकर 1950 तक चाईबासा नगरपालिका के उपाध्यक्ष का पद भी कुशलता पूर्वक संभाला. इसके बाद 1951 से लेकर 1989 तक वे चाईबासा नगरपालिका के चेयरमैन भी रहे. उनके कार्यकाल में नगरपालिका ने एक से बढ़ कर एक रचनात्मक कार्य किये. उनके काल में चाईबासा नगरपालिका ने जो विकास के कार्य किये, उन्हें सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया. उनके 38 वर्ष के कार्यकाल में हुए काम आज भी वैसे ही दिखाई दे रहे हैं. इतने दायित्वों को संभालने के साथ ही सीताराम जी रुंगटा समाज के कार्यों में भी उतनी ही सक्रियता एवं जिम्मेवारी के साथ हिस्सा लिया करते थे. उन्होंने अपने पिता मांगीलाल रुंगटा जी के नाम पर चाईबासा में स्कूल की स्थापना कराई जिसमें आज हजारों विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं. इसी तरह शंभु मंदिर चाईबासा, राजस्थान सेवा समिति, पिल्लई टाउन हॉल, करणी मंदिर, सूरजमल जैन चैरिटेबल जैसी संस्थाएं उनके कर्मठ व्यक्तित्व की गवाह हैं. स्वामी स्वरूपानंद जी देश सेवा धर्म संस्थान, कलकत्ता के वे ट्रस्टी रहे. (नीचे भी पढ़ें)
मारवाड़ी हिंदी विद्यालय चाईबासा, टाऊन क्लब चाईबासा तथा शंभु मंदिर के मानद सचिव रहे. छोटानागपुर एजुकेशन काउंसिल, ऑल इंडिया मारवाड़ी फेडरेशन, बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन, रांची विश्वविद्यालय सीनेट, माइनिंग इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के वे आजीवन सदस्य रहे. रोटरी इंटरनेशनल द्वारा उन्हें पॉल हैरिस फैलोशिप एवं सिल्वर एलिफेंट अवार्ड प्रदान किया गया. ऐसे कर्मठ सीताराम जी रुंगटा 17 सितंबर, 1994 को औपने लौकिक दायित्व पूरे कर परलोक गमन कर गये, किन्तु उनकी कीर्तियां आज भी हमारे सामने है. उनकी कर्मठता की प्रत्यक्ष प्रमाण के रूप में रुंगटा ग्रुप की दर्जनों कंपनियां आज भी हजारों लोगों को आजीविका प्रदान कर रही हैं. स्व सीताराम जी रुंगटा के दो सुपुत्र, नंदलाल रुंगटा व मुकुंद रुंगटा आज अपने दादा स्व मांगीलाल जी रुंगटा व पिता स्व सीताराम जी रुंगटा की धरोहर को बहुत ही कुशलता पूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं.














