चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम पुलिस ने स्थानीय सदर थानांतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा की चाईबासा शाखा के सामने पेट्रोल पंप कर्मी से विगत 1 सितंबर को कट्टे का भय दिखाकर पांच लाख रुपयों की हुई लूट के मामले का उद्भेदन करते हुए वारदात में शामिल तीन और आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से लूट की आंशिक राशि, वारदात में प्रयुक्त दो बाइक एवं दो मोबाइल फोन बरामद कर लिये हैं. पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि विगत 1 सितंबर को प्रातः 10:20बजे के करीब बैंक ऑफ बड़ौदा के पास स्थित आइबीपी पेट्रोल पंप कर्मी से अज्ञात अपराधियों ने देसी कट्टा दिखाकर 5 लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया था. घटना के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित विशेष जांच दल ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व तकनीकी अनुसंधान के आधार पर तीन दिन के अंदर घटना में शामिल पांच मुख्य अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. यही नहीं, पुलिस ने उनके पास से वारदात में लूटी गई रकम में से 86,500 रुपये की राशि भी के साथ ही वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा भी बरामद किया था. पुलिस ने सभी पांचों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद भी पुलिस ने अनुसंधान कार्य जारी रखा, जिसके क्रम में पुलिस ने मंगलवार को उक्त वारदात में शामिल तीन अन्य अपराधियों को भी पकड़ने में सफलता पाई, पुलिस ने उनके पास से लूटी गई राशि में से 26 हजार रुपये नगद के साथ ही लूट में प्रयुक्त दो बाइक एवं दो मोबाइल फोन भी बरामद किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में मधु लोहार उर्फ बिधा उर्फ बेदा, (29 वर्ष) गोपी बारी (35 वर्ष) एवं मोतीलाल हेम्ब्रम (31 वर्ष) शामिल हैं














