नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए हिमाचल प्रदेश और पंजाब का दौरा शुरू करते हुए कहा कि भारत सरकार प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है. पीएम मोदी ने पंजाब के लिए 1600 करोड़ व हिमाचल के लिए 1500 करोड़ राहत पैकेज देने की घोषणा की. साथ ही पीएम मोदी बाढ़ पीड़ितों से मिले और उन्हें पूरी तरह सहयोग का आश्वासन दिया. बाढ़ और भूस्खलन के बाद स्थिति की समीक्षा के लिए दिल्ली से हिमाचल प्रदेश और पंजाब के लिए रवाना होते समय प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, भारत सरकार इस दुखद घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है.(नीचे भी पढ़े)

सबसे पहले पीएम मोदी हिमाचल प्रदेश का हवाई सर्वे किया, इसके बाद पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया. वे गुरदासपुर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की तथा जमीनी हालात पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. साथ ही वे गुरदासपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ-साथ एनडीआरएफ व एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीम से भी मंथन किया. विदित हो कि पंजाब में सतलुज, व्यास और रावी नदियों में उफान के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण मौसमी नालों के उफान का परिणाम है. इसके अलावा, पंजाब में हाल के दिनों में हुई भारी बारिश से भी बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई. पंजाब में विनाशकारी बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या 51 हो गई है, जबकि 1.84 लाख हेक्टेयर में लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं.














