
चाईबासा : छोटानागरा थाना क्षेत्र के कसिया पेचा के जंगल में जंगली भालू के हमले से 40 वर्षीय पांडू सुरीन गंभीर रूप से घायल हो गये. भालू ने उनका पेट फाड़ डाला, जिसके बाद करीब चार-पांच घंटे वह जंगल में घटनास्थल पर ही पड़े रहे. रात करीब 10 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार पांडू सुरीन अपनी पत्नी रीना सुरीन के साथ कसिया पेचा के जंगलों में महुआ चुनने गए हुए थे. महुआ चुनने के दौरान अचानक एक जंगली भालू ने पांडू सुरीन पर पीछे से हमला कर दिया और उन्हें दबोच लिया. दबोच कर उनके पेट को फाड़ डाला. यह सब देख उनकी पत्नी डर से छुपते-छुपाते किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी. घर वालों ने गांव वालों को सूचना दी. इसके पश्चात रात हो जाने के कारण सभी गांव वाले मशाल जलाकर घायल पांडु सुरीन के पास पहुंचे. वहां से उन्हें उठाकर किसी तरह रात 10 बजे गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया. तब तक उनकी सांस चल रही थी. डॉक्टरों ने उनकी जांच कर मृत घोषित कर दिया. इस घटना की जानकारी गुवा थाना प्रभारी राकेश रंजन सिंह को मिलते ही मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया. वही पांडू सुरीन के घर वालों ने गुवा वन पदाधिकारी कमलेश्वर प्रसाद सिन्हा से मुआवजे की मांग की है.




