
शार्प भारत–SHARP BHARAT
जमशेदपुर : झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी भाजपा ने शुरू कर दी है. इस कड़ी में भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और झारखंड के भाजपा प्रभारी ओम प्रकाश माथुर रांची पहुंचे. रांची हवाई अड्डा पर उनके पहुंचने पर भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत मुख्यमंत्री रघुवर दास, कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी, भाजपा नेता और पूर्व आइजी लक्ष्मण सिंह, रांची के सांसद संजय सेठ, रवींद्र राय, आरती कुजूर, मेयर आशा लकड़ा समेत अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया. इसी तरह झारखंड के भाजपा प्रभारी ओम प्रकाश माथुर भी रांची एयरपोर्ट पर पहुंचे, जिनका स्वागत किया गया. दो दिनों तक दोनों ही नेता लगातार बैठक करेंगे और कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं से बातचीत कर पार्टी को मजबूत बनाने को लेकर क्या कुछ कदम उठाया जा सकता है, इस पर बातचीत करेंगे.

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और ओमप्रकाश माथुर रांची से सीधे लोहरदगा, गुमला, गढ़वा समेत अन्य जिलों का दौरा भी करेंगे. लोहरदगा में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवार, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी नंदकिशोर यादव और राम विचार नेताम भी हिस्सा लेंगे. लोहरदगा के विद्या मंदिर परिसर में वे शक्ति केंद्र सम्मेलन में जिले के बूथस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे जबकि वे गुमला ऑडिटोरियम में जनजातीय सम्मेलन में भी भाग लेंगे. ओम माथुर पलामू व चतरा का भी दौरा करेंगे. भाजपा ने इस बार लक्ष्य बनाया है कि वे लोग कम से कम 65 सीट पर चुनाव में जीत दर्ज करेंगे. 81 में से 65 सीट को हासिल करने का लक्ष्य भाजपा ने तय किया है.






