
Chaibasa : विधानसभा चुनाव-2019 के तहत शनिवार को होने वाले मतदान में मतदाताओ को मतदान केंद्रों में अपने मत का प्रयोग करने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा मतदान के दिन किसी भी प्रकार से शान्ति भंग न हो इसके लिए जगन्नाथपुर थाना अन्तर्गत थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में जगन्नाथपुर पुलिस एवं प्रशासन दिन रात जुटा है. थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक ने कहा कि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग निष्पक्ष, निर्भीक और शांतिपूर्ण रूप से अवश्य करें. मतदाताओं के सहयोग के लिए पुलिस कडी सुरक्षा व्यवस्था के साथ तैयार व तत्पर है. मतदान केन्द्र पर किसी तरह की गडबड़ी एवं गलत अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जायेगा. साथ ही किसी भी तरह से शांति भंग व हुड़दंग की आशंका होने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दें. प्रखण्ड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि राजनीतिक दल के कार्यकर्ता मतदान के दिन मतदान केंद्र से करीब 200 मीटर की दूरी पर रहें. साथ ही मतदान केंद्र पर वैसे लोग ही पहुंचे जो अपना मत का प्रयोग करेंगे। सभी मतदाता कतार में रहकर अपनी बारी का इंतजार करें एवं पूरे विधानसभा में इस बार बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता को अपने मत का प्रयोग करने के दौरान सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी. निष्पक्ष, निर्भीक और शान्तिपूर्ण मतदान करवाने के उद्देश्य से थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक के नेतृत्व में शुक्रवार को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल मार्च किया गया. जिसमें जगन्नाथपुर थाना अंतर्गत जगन्नाथपुर, तोड़णहातु, सियालजोड़ा, देवगांव, जैंतगढ़, खुटियापदा, मुण्डाय, तुरली, बारला, पाटाजैंट, छानपदा, करंजिया समेत कई गांवों में मोटरसाइकिल से थाना प्रभारी एवं जवानों ने मार्च किया.







