
जमशेदपुर : देश को आजादी दिलाने की लड़ाई में शहीद होने वाले शहीद राम प्रसाद बिस्मिल, शहीद ठाकुर रोशन सिंह और शहीद अशफाक उल्लाह खान को जमशेदपुर ने श्रद्धांजलि अर्पित की. जमशेदपुर में शहीदों को याद करने वाली राष्ट्रीय एकता की प्रतीक बन चुकी संस्था नमन ने साकची स्थित कार्यालय के पास शहीद दिवस का आयोजन किया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी.
संस्था के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले के नेतृत्व में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान लोगों में शहीदों के प्रति गजब का सम्मान दिखा. पूरा क्षेत्र भारत माता की जय और अमर शहीदों के जयजयकारे से गुंजायमान हो गया था. सभी ने पुष्पांजलि अर्पित की और शहीदों को याद करते हुए मौन भी रखा. इस मौके पर काफी संख्या में युवाओं ने भी हिस्सा लिया.

गौरतलब है कि नमन संस्था की ओर से देश के अमर जवान शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती रही है. देश के जितने भी शहीद है, उनको यहां याद किया जाता है. इसके अलावा देशभक्ति को लेकर कई कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है. इस आयोजन में आम नागरिक, हर राजनीतिक दल, सामाजिक दलों के लोग इसमें हिस्सा लेते है. नमन संस्था जमशेदपुर में बड़ा गैर राजनीतिक मंच बनकर उभरा है.






