जमशेदपुर : टाटा स्टील की कंपनी तार कंपनी में लंबित चुनाव और ग्रेड रिवीजन समझौता के डिमांड के बीच मंगलवार को तार कंपनी यूनियन का कमेटी मीटिंग आयोजित किया गया. इस कमेटी मीटिंग में अध्यक्ष ने दोनों गुटों के लोगों से मुलाकात की. इस दौरान कई लोगों ने मांग की कि पहले ग्रेड रिवीजन करा दिया जाये, उसके बाद चुनाव कराया जाये. लेकिन कई लोगों ने कहा कि ग्रेड रिवीजन होता रहेगा, पहले चुनाव करा लिया जाये और जब नयी कमेटी आयेगी तब ग्रेड रिवीजन नये सिरे से हो जायेगा. इस दौरान सभी पक्षों ने जमकर हंगामा भी किया और अध्यक्ष से अपनी मांगों को मनवाने का डिमांड किया. इस पर अध्यक्ष ने कड़ी फटकार दोनों ही गुटों के लोगों को लगायी और साफ तौर पर कहा कि अभी इंतजार कीजिये, मैनेजमेंट से सारे मुद्दे पर बातचीत करने के बाद ही फैसला लिया जायेगा. इस दौरान सारे लोगों ने अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय को चुनाव कराने और ग्रेड रिवीजन कराने के लिए अधीकृत कर दिया. अब अध्यक्ष मैनेजमेंट से बात करेंगे कि कितना दिन और ग्रेड रिवीजन होने में समय लगेगा और कितना दिन में चुनाव करा लिया जाये. इस दौरान उन्होंने सारे लोगों को साफ तौर पर चेतावनी दी कि यूनियन को बर्बाद करने की कोई कोशिश की गयी तो उनसे बुरा कोई नहीं होगा और सारे लोग एकजुटता बनाये रखे ताकि यूनियन मजबूत रहे और मजदूरों का काम हो सके. इस दौरान उन्होंने बाहर निकलकर किसी तरह का बयानबाजी या नौटंकी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की भी चेतानी दे दी. बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए श्री पांडेय ने कहा कि अभी तो बातचीत हो रही है. लोग चाहते है कि ग्रेड रिवीजन हो जाये और फिर चुनाव हो जबकि कई लोग चाहते है कि पहले चुनाव हो जाये, फिर ग्रेड रिवीजन हो. हालांकि, यह संविधान कहता है कि चुनाव में देर आपात स्थिति में किया जा सकता है, लेकिन ज्यादा देर करना भी ठीक नहीं है. दिसंबर तक सारे मसले पर फैसला ले लिया जायेगा.





