
जमशेदपुर : झाऱखंड में विधानसभा चुनाव संपन्न हो गए हैं. नई सरकार से लोगों को खासकर मजदूरों को काफी उम्मीदें हैं. वैसे मजदूरों के शहर जमशेदपुर में रविवार को बंद पड़े टायो के कर्मचारियों ने भिक्षाटन कर केस लड़ने के लिए चंदा जुटाए. इन तस्वीरों में आप साफ देख सकते हैं. ये नजारा है, मजदूरों के शहर जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर का जहां पिछले 36 महीनों के वेतन नहीं मिलने से टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई टायो के कर्मचारी भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं. आलम ये है, कि इन मजदूरों के पास टाटा स्टील औऱ कंपनी प्रबंधन के खिलाफ न्यायालय में चल रहे मुकदमे को लड़ने के लिए भी पैसे नहीं हैं. वहीं आज इन्होंने भिक्षाटन कर चंदा जुटाया, ताकि केस लड़ सकें. इस दौरान इन्होने टाटा स्टील पर जमकर भड़ास निकाला. वहीं इनके भिक्षाटन कार्यक्रम में जुगसलाई के नवनिर्वाचित झामुमो विधायक संजीव सरदार भी पहुंचे और इन्हें आर्थिक सहयोग भी किया. साथ ही विधानसभा के पटल पर इन मजदूरों की मांगो को रखने का भरोसा भी दिलाया. वहीं टायो संघर्ष समीति के सदस्यों ने बताया कि सरकार अगर उन्हें सहयोग करे तो वे फिर से कंपनी को वर्ल्ड क्लास कंपनी बना देंगे. वैसे पिछली सरकार ने इन मजदूरों के लिए कभी कोई पहल नहीं की जिसका मजदूरों में घोर आक्रोश है.






