
जमशेदपुर : टाटा स्टील के उत्पादकता सप्ताह 2022 का वर्चुअल समापन समारोह आयोजित किया गया. इस वर्ष के सप्ताह का विषय ‘उत्पादकता के माध्यम से आत्मनिर्भरता” था. टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट शेयर्ड सर्विसेज प्रोबल घोष और टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश कुमार सिंह ने इस अवसर पर मुख्यअतिथि और विशिष्टअतिथि के रूप में शिरकत की. टाटा स्टील के प्रोडक्टिविटी सर्विसेज डिपार्टमेंट के कॉरपोरेट फंक्शन्स के हेड बृजानंद भगत ने दर्शकों का स्वागत करते हुए बताया कि कैसे किसी भी संगठन या राष्ट्र के लिए आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए उत्पादकता एक महत्वपूर्ण शर्त है और उन्नत तकनीकों को अपना कर मनुष्य, मशीन और सामग्री का प्रभावी उपयोग किया जा सकता है. प्रोबल घोष ने अपने सम्बोधन में इस बात पर जोर दिया कि किसी संगठन के लिए आत्मनिर्भरता और बाजार में बदलते रुझानों के अनुकूल उपलब्ध संसाधनों और लचीलेपन का प्रभावी उपयोग का क्या मतलब है. टाटा वर्कर्स यूनियन के महामंत्री सतीश कुमार सिंह ने बताया कि कैसे टाटा वर्कर्स यूनियन ने कोविड-19 संकट के दौरान कम्पनी की मदद की है, साथ ही संस्थान की लाभ प्रदता में मदद करने में सफलता पायी है. इस अवसर पर एक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया जिसमें आईटीसी लिमिटेड, कोलकाता, आईआईएम बेंगलुरु, इंटक आदि जैसे विभिन्न कॉरपोरेट्स और संस्थानों से बाहरी वक्ताओं को आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, इंटरनेट ऑफ़ थिंग्स (आइओटी) और उन्नत विश्लेषणात्मक मॉडल सहित अन्य चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए जिनका उपयोग उत्पादकता बढ़ाने, और कुछ तकनीकी बदलावों तथा उत्पादकता पर उनके प्रभाव पर किया जा रहा है. उत्पादकता सप्ताह समारोह के हिस्से के रूप में, ऑनलाइन प्रोडक्टिविटी कॉन्फ्रेंस, प्रोडक्टिविटी कॉन्फ्रेंस, लघु वीडियो प्रतियोगिता आदि जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे. इस कार्यक्रम के दौरान विजेताओं को पुरस्कृत किया गया. सम्मेलन का समापन प्रोडक्टिविटी सर्विसेज विभाग के हेड सुशोवन घोष के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.





