जमशेदपुर : टीआरएफ मैन्यूफैक्चरिंग की एक टीम शनिवार को बर्मामाइंस स्थित कुष्ठाश्रम पहुंची. यहां टीम में शामिल सदस्यों ने कुष्ठ पीड़ितों के साथ वक्त गुजारा एवं उन्हें भोजन कराया। इस दौरान जीएम मैन्यूफैक्चरिंग विनोद कुमार सिंह ने सभी लोगों को अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग भी एक तरह की बीमारी है एवं ऐसे मरीजों को हमारी संवेदना एवं सहयोग की जरूरत है। आज समाज बहुत आगे बढ़ रहा है, परंतु हमारी पुरानी कुरीतियों ने हमें जकड़ रखा है। ऐसे माहौल में जरूरत है कि युवा एवं शिक्षित वर्ग आगे आये एवं एक नई मिसाल पेश करें। (नीचे भी पढ़ें)
इस तरह के सामाजिक कार्य करने एवं जरूरतमंदों की मदद के लिए सदा तैयार रहने के लिए विनोद कुमार ने अंजनी कुमार एवं पूरी टीम की सराहना की। भविष्य में ऐसे और भी कार्यक्रम करने एवं दूर-दराज के जरूरतमंदों के बीच पहुंचने की बात कही। इस दौरान कुष्ठ आश्रम के केयर टेकर निमाई मंडल ने पूरी टीम का आभार प्रकट किया एवं उम्मीद जताई कि टीआरएफ कर्मचारियों का सहयोग भविष्य में भी मिलता रहेगा। इस टीम में प्रिया महतो, रजत गौरव, सुनील महतो, हरीष राजू, एस कुलारी, संजय कुमार, जय प्रकाश शर्मा, रूपेश शर्मा, दुर्गा प्रसाद समेत अन्य शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन यूनियन के सहायक सचिव अंजनी कुमार ने किया।




