
जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी तार कंपनी (आइएसडब्ल्यूपी), जेम्को व टीआरएफ में अभी तक बोनस की वार्ता शुरू नहीं हुई है. जमशेदपुर की कई कंपनियों में बोनस समझौता हो गया तो कई जगह वार्ता अंतिम चरण में है. ऐसे में तार कंपनी व जेम्को में बोनस वार्ता शुरू करने के लिए प्रबंधन की नजर टाटा स्टील पर टिकी हुई है. तार कंपनी की वायर प्रोडक्ट लेबर यूनियन कर्मचारियों के लंबित प्रमोशन पॉलिसी को रिव्यू करने की मांग पर अड़ी हुई है. यूनियन का कहना है कि जब तक कर्मचारियों के प्रमोशन पॉलिसी नहीं बनता है तब तक बोनस वार्ता नहीं होगी. तार कंपनी प्रबंधन का कहना है कि टाटा स्टील से अनुमति मिलने के बाद ही प्रमोशन पॉलिसी या फिर बोनस पर मुहर लगेगी. यहीं कारण है कि यहां बोनस वार्ता अभी तक शुरू नहीं की गई. उधर टीआरएफ कर्मचारियों के बोनस पर भी वार्ता शुरू नहीं है. यूनियन की ओर से समय रहते समझौते कराने के लिए प्रबंधन को पत्र लिखा गया है. बीते साल टीआरएफ के कर्मचारियों को 8.33 फीसद व तार कर्मियों को 17.5 फीसद बोनस मिला था. हालांकि, टीआरएफ काफी वर्षों से घाटे में चल रहा है और कंपनी को किसी तरह बचाने का प्रयास चल रहा है. टाटा स्टील मैनेजमेंट की ओर से अंतिम और ठोस कोशिशें शुरू की गयी है कि कंपनी को बचाया जा सके.



