
जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी जुस्को (अब इसका नाम टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज लिमिटेड हो गया है) भी कोरोना वायरस की लड़ाई में कूद गयी है. इसके तहत जुस्को की ओर से पानी और बिजली का वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही सफाई का भी इंतजाम कर रही है. इसके अलावा लोगों के बीच एक ऑडियो विजुअल तैयार किया गया है, जिसके जरिये लोगों को बताया जा रहा है कि किस तरह लोग अपने घरों में ही हैंड सैनिटाइजर बना सकते है. इसकी जानकारी टाटा स्टील की ओर से टेलीकांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एमडी तरुण डागा ने दी. उनके साथ टाटा स्टील के प्रवक्ता कुलविन सुरी और रुना राजीव कुमार भी थे. तरुण डागा ने बताया कि अभी पानी और बिजली को लेकर कहीं से कोई संकट नहीं है. हम लोग निश्चित तौर पर पानी और बिजली के बिल को लेकर होने वाली दिक्कतों को समझते है. लॉकडाउन के दौरान किसी का पानी और बिजली का कनेक्शन बिल का भुगतान नहीं करने के लिए नहीं किया जायेगा. लेकिन उसको लॉकडाउन के बाद लोगों को जमा करा देना होगा. जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए हम लोग लॉकडाउन में बिजली और पानी की व्यवस्था को बहाल रख रहे है. इसके अलावा बाजारों से लेकर कई इलाकों में सैनिटाइजर का छिड़काव भी किया जा रहा है. इस छिड़काव के जरिये सफाई रखा जा रहा है जबकि सारे सर्विसेज को खुला रखते हुए हम लोग काम कर रहे है. होम कंपोस्टिंग यानी घर पर ही खाद्य बनाने की भी ट्रेनिंग दी जा रही है ताकि लोग गंदगी का भी लाभ उठा सके. उन्होंने बताया कि अभी कोरोना वायरस की लड़ाई के लिए सैनिटाइजर का छिड़काव के लिए हम लोग फायर ब्रिगेड की भी मदद लेने जा रहे है, जिसका टेस्टिंग शुरू हो चुका है और एक या दो दिनों में फायर ब्रिगेड से भी सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया जायेगा. कोरोना वायरस की इस लड़ाई में जनता के साथ मिलकर जनता को स्वस्थ्य बनाने का संकल्प के साथ टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज कंपनी की ओर से सेवाएं बहाल रखी जायेगी.






