
नोआमुंडी/जोडा/जमशेदपुर : टाटा स्टील की नोआमुंडी और जोडा ईस्ट आयरन माइंस को भारतीय खान ब्यूरो (आईबीएम) द्वारा वर्ष 2021-22 के लिए सस्टेनेबल डेवलपमेंट के लिए 5-स्टार रेटिंग दी गई है. नोआमुंडी माइन को लगातार सातवें वर्ष यह सम्मान मिला है. खान मंत्रालय ने सस्टेनेबल डेवलपमेंट के कार्यान्वयन की दिशा में अपने प्रयासों और पहल के लिए खनिकों और खनन कंपनियों को मान्यता देने के लिए 2016 में ‘माइंस की स्टार रेटिंग’ योजना शुरू की थी. नागपुर में आईबीएम के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर टाटा स्टील को ये पुरस्कार प्रदान किए गए. टाटा स्टील की ओर से वाइस प्रेसिडेंट रॉ मैटेरियल डीबी सुंदरा रामम, नोआमुंडी आयरन माइंस के चीफ शिरीष शेखर और जोड़ा ईस्ट आयरन माइंस के चीफ सरोज कुमार बनर्जी ने कोयला, खान और संसदीय मामलों के केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी से पुरस्कार प्राप्त किया. टाटा स्टील रॉ मैटेरियल के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदरा रामम ने कहा कि एक जिम्मेदार खनिक के रूप में, हम वैज्ञानिक खनन का लाभ उठनेवाली तकनीक और बेंचमार्क अभ्यासों का संचालन जारी रखेंगे. हम इस सम्मान को पाकर खुश हैं, जो एक हरित तथा बेहतर कल बनाने के हमारे संकल्प को और मजबूत करेगा. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील की नोआमुंडी और जोडा ईस्ट आयरन माइन्स अत्याधुनिक तकनीकों और सर्वोत्तम खनन अभ्यासों को लागू करने में उद्योग के अग्रणी हैं. बेंचमार्क प्रदर्शन हासिल करने के लिए खदानें उन्नत खनन सॉफ्टवेयर, ड्रोन तकनीक, फ्लीट मैनेजमेंट सिस्टम, रिमोट-नियंत्रित अभ्यास और रियल टाइम गुणवत्ता निगरानी प्रणाली का उपयोग करती हैं. शिक्षा और कौशल विकास, स्वास्थ्य और स्वच्छता, आजीविका, कौशल विकास और आस-पास के गांवों में रहने वाले लोगों के समग्र कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए कई सामुदायिक पहल भी किये गए हैं. इस अवसर पर, डीबी सुंदरा रामम ने विविधता और कर्मचारी सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए नई पहल की घोषणा की, जिसमें महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों के साथ खदानों का संचालन और खानों में कर्मचारी सुरक्षा के लिए सुरक्षा कार्ड की पेशकश करना शामिल है.


