
जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में साइबर अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है. आए दिन साइबर ठग लोगों को चूना लगा कर लाखों की ठगी की घटना को अंजाम दे रहे हैं. इसके अलावा साइबर अपराधी सोशल साइट्स के जरिए ब्लैकमेलिंग का काम बड़े शातिर तरीके से अंजाम दे रहे हैं. वैसे जमशेदपुर में साइबर अपराध पर नकेल कसने के उद्देश्य से बिष्टुपुर थाना परिसर में साइबर थाना खोला गया ताकि साइबर अपराध पर लगाम लगाया जा सके, लेकिन साइबर ठग लगातार जमशेदपुर आसपास के लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं. वही साइबर अपराध को रोकने एवं साइबर क्राइम से जुड़े मामलों के निष्पादन को लेकर गुरुवार को साइबर थाना में बैंक अधिकारियों के साथ एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें साइबर अपराध कैसे हो रहा है, इसको लेकर तकनीकी बारीकियों का आदान-प्रदान किया गया.

इसमें बैंक के अधिकारियों ने पुलिस के साथ कई महत्वपूर्ण तथ्य साझा किए. वही जमशेदपुर एसएसपी अनूप बिरथरे भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं बैंक के अधिकारियों को आपस में को-ऑर्डिनेट कर एक बेहतर समन्वय के साथ काम करने की दिशा में उठाया गया बेहतर कदम बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से जिला पुलिस को साइबर अपराधियों पर नकेल कसने में सहूलियत मिलेगी. इस दौरान एसएसपी ने कहा कि आपकी सावधानी, एलर्टनेस से ही साइबर अपराध पर लगाम लग सकता है. इसको लेकर जनता को ही जागरूक करने की जरूरत है.



